मुंबई, 1 अगस्त (वि.प्र.) मध्य रेल्वे महिला कल्याण संगठन (सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) ने गुरुवार को भायखला स्थित निर्मल पार्क में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया. इस मुहिम में सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्षा स्निग्धा श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थी. उनके साथ संगठन की उपाध्यक्ष प्रेरणा गोस्वामी, सचिव सरिता दोहरे, कोषाध्यक्ष टीना उप्पल सहित अन्य कई पदाधिकारी और कार्यकारी सदस्यों ने भी भाग लिया. सभी ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान पार्क परिसर में छायादार और पर्यावरण के लिए लाभदायक वृक्ष प्रजातियों के पौधे लगाए गए्. अधिकारियों ने बताया कि इन पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी संघटना के सदस्य लेंगे. इस अवसर पर स्निग्धा श्रीवास्तव ने कहा कि सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ हमेशा सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों में आगे रहती है. पेड़ लगाना सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुंदर भविष्य की नींव है. संगठन आगे भी ऐसे जनहित और पर्यावरण हित के कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा.
पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का सामाजिक संकल्प उल्लेखनीय है कि मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) केवल रेल कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक व पर्यावरण हित के कार्यों में भी लगातार सक्रिय रहता है. इस वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से संगठन ने समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया है. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों व रेलवे अधिकारियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और परिसर में हरियाली बनाए रखने का संकल्प लिया.