जीवन का असली सुख शांति और स्वास्थ्य में छिपा हुआ है, इन्हीं विचारों के साथ ‘ऊंचाई’ नामक संस्था अग्रवाल समाज के विभिन्न घटकों को एक साथ लाकर कार्यरत हैं. योग, ध्यान, एडवेंचर स्पोर्ट्स और विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों समेत ऊंचाई की एक विशेष पहल मन की बात भी है, जिसमें प्रत्येक रविवार को लोकप्रिय दै. ‘आज का आनंद’ में क्लब के सदस्य अपने विचार, अनुभव, भावनाएं और जीवन के महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है. यदि शरीर स्वस्थ हो और मन शांत हो, तो जीवन की हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ किया जा सकता है. पिछले कुछ समय से मैंने अपनी दिनचर्या में प्रतिदिन 45 मिनट योग, 30 मिनट व्यायाम और 10,000 कदम पैदल चलना शामिल किया है. इस छोटे से बदलाव ने मेरी ऊर्जा, मानसिक एकाग्रता, आत्मवेिशास और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार किया है. मेरा मानना है कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं. ऊंचाई परिवार से जुड़ने के बाद मुझे स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने के नए अवसर मिले. यहां ऐसे ऊर्जावान और प्रेरणादायक सदस्य हैं जो एक-दूसरे को फिट रहने, सक्रिय जीवनशैली अपनाने और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. साथ मिलकर चलना, सीखना और स्वस्थ आदतें अपनाना इस परिवार की सबसे बड़ी ताकत है.
अपने स्वास्थ्य के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें ऊंचाई के विभिन्न कार्यक्रम, यात्राएं, सांस्कृतिक आयोजन और सामाजिक गतिविधियां हमें तनावमुक्त रहने, नए लोगों से जुड़ने तथा जीवन को उत्साह और ऊर्जा के साथ जीने की प्रेरणा देती हैं. मेरा वेिशास है कि यदि हम प्रतिदिन अपने स्वास्थ्य के लिए थोड़ा समय निकालें और सकारात्मक लोगों के साथ जुड़ें, तो हम एक अधिक स्वस्थ, खुशहाल और अनुशासित जीवन जी सकते हैं. - मुकेश विजय गुप्ता, ऊंचाई मेंबर