निगड़ी, 21 अगस्त (आ.प्र.) पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट (पीसीईटी) की सभी शाखाओं में इनोवेशन, अनुसंधान में उत्कृष्टता, शैक्षणिक गतिशीलता, अंतःविषय शिक्षा और वैेिशक स्तर पर बढ़ावा देने वाले प्रभावी सहयोग के निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं. पीसीईटी के कार्यकारी निदेशक डॉ. गिरीश देसाई ने जानकारी दी कि इसके अंतर्गत विदेशों के कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों और संस्थानों के साथ काम चल रहा है. इंडोनेशिया की यूनिवर्सिटी ऑफ नेगेरी, जकार्ता के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट का दौरा किया. इस दौरान दोनों यूनिवर्सिटियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अनुसंधान क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने तथा वैेिशक सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा हुई. इस अवसर पर पीसीईटी के कार्यकारी निदेशक डॉ. गिरीश देसाई, यूनिवर्सिटी ऑफ नेगेरी, जकार्ता की क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. इरियानी इंद्री हैपसारी, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डेविंटा अरियानी, एजुकेशनल साइकोलॉजिस्ट डॉ. डीस्यांती, न्यूरोसाइकोलॉजिस्ट डॉ. रत्ना ड्याह सूर्यरात्री, छात्र प्रतिनिधि डैरिएल रास्या, पीसीईटी के सेंटर फॉर यूरोपियन स्टडीज की प्रमुख डॉ. ऐश्वर्या गोपालकृष्णन, पीसीयू के अंतर्राष्ट्रीय संबंध निदेशक डॉ. शंकर देवसरकर, विज्ञान संकाय की डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. रुचि कुथियाला, सौरभ चव्हाण आदि उपस्थित थे. इस दौरान पिंपरी चिंचवड़ यूनिवर्सिटी पुणे और यूनिवर्सिटी ऑफ नेगेरी, जकार्ता के सहयोग से ‘सपोर्टिंग माइंड्स : ए प्रैक्टिकल गाइड टू साइकोलॉजिकल एंड मेंटल हेल्थ फर्स्ट एड फॉर यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स’ नामक गाइडबुक का विमोचन किया गया. यह शैक्षणिक दौरा पिंपरी चिंचवड़ एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर लांडगे, उपाध्यक्ष पद्मा भोसले, सचिव विट्ठल कालभोर, कोषाध्यक्ष शांताराम गराड़े के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था.