विश्रांतवाड़ी, 21 अगस्त (आ.प्र.) उदयपुर स्थित नारायण सेवा संस्थान की ओर से रविवार, 23 अगस्त को पुणे में 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब फिटमेंट शिविर आयोजित किया जाएगा. टाटा टेली बिजनेस सर्विसेज तथा न्यूमैन एंड एस्सार ग्रुप के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस शिविर में 361 दिव्यांगजनों को आधुनिक कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे. शिविर तिरुपती मंगल कार्यालय, टिंगरे नगर, रोड नंबर 2, विश्रांतवाड़ी में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. संस्थान के अनुसार, 268 दिव्यांगजनों को 276 नारायण मॉड्यूलर कृत्रिम अंग तथा 60 दिव्यांगजनों को 85 कैलिपर्स का फिटमेंट किया जाएगा. आवश्यक सहायक उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे. लाभार्थियों का चयन 5 जुलाई को आयोजित निःशुल्क नारायण लिम्ब मेजरमेंट कैंप में किया गया था.आश्रम प्रभारी सुरेंद्र सिंह झाला ने बताया कि संस्थान कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के साथ उनके सही फिटमेंट और उपयोग को भी समान महत्व देता है. आधुनिक तकनीक से निर्मित कृत्रिम अंगों के माध्यम से लोगों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाना संस्थान के प्रयासों का प्रमुख हिस्सा है. संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब वह जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को आसान और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो. शिविर की खासियत जापान और जर्मन तकनीक पर आधारित 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब होंगे. 3डी आधारित निर्माण तकनीक से अंगों की संरचना और फिटमेंट में अपेक्षित सटीकता हासिल करने में मदद मिलती है.