अमर मूलचंदानी ने 5 करोड़ की फिरौती मांगी, केस दर्ज

सेवा विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन पर बिल्डर को जान से मारने की धमकी का भी आरोप

    22-Aug-2026
Total Views |
 
Builder
पिंपरी, 21 अगस्त (आ.प्र.)
जयहिंद स्कूल के सामने स्थित कार्यालय में एक वरिष्ठ बिल्डर काे बंधक बनाकर पांच कराेड़ रुपये की फिराैती मांगने का मामला सामने आया है. यह घटना 27 जनवरी काे दाेपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे के बीच घटी थी.
 
इस मामले में सेवा विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा के पूर्व उपमहापाैर तथा आराेपी अमर मूलचंदानी, नरेंद्र यादव, महादेव साबले, सुनील डाेंगरे और अन्य तीन से चार अज्ञात व्यक्ति तथा एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. महेंद्र रामकरणदास अग्रवाल (उम्र-62 वर्ष, निवासी दुरानी काॅलाेनी, मार्केटयार्ड) ने गुरुवार (20 अगस्त) काे पिंपरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.
 
सहायक पुलिस निरीक्षक अमाेल कदम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आराेपी अमर मूलचंदानी ने शिकायतकर्ता से कहा कि उनके घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई हाेने वाली है और पैसे की मांग की. मना करने पर उसने मारपीट की व जान से मारने की और एट्राेसिटी सहित बलात्कार का झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी दी. इसके बाद जबरन तीन चेक और एक हलफनामा लिखवा लिया.
 
इस मामले में पिंपरी पुलिस आगे की जांच कर रही है.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता धारा 308(5), 115(2), 352, 351(2)(3) और आईपीसी 386, 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया है.
 
ईडी काे देने के लिए मांगे थे पैसे मूलचंदानी ने शिकायतकर्ता अग्रवाल से कहा था, मैंने तुम्हारी बहुत मदद की है, मेरे रहने के घर पर ईडी की जब्त की कारवाई हाेने वाली है, अगर मैंने ईडी काे पैसे नहीं दिए ताे मैं सड़क पर आ जाऊंगा और मेरा परिवार बर्बाद हाे जाएगा. जब शिकायतकर्ता ने पैसे देने से इन्कार कर दिया, ताे आराेपी अमर मूलचंदानी और उसके साथियाें ने मिलकर शिकायतकर्ता से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. साथ ही पांच कराेड़ रुपये मांगे, तीन चेक व एक शपथ पत्र (प्रतिज्ञा पत्र) लिखवा लिया और एट्राेसिटी तथा बलात्कार का मामला दर्ज कराने की धमकी थी.