पिंपरी, 22 अगस्त (आ.प्र.) सिंधी समाज को उनकी प्रॉपर्टी के सनद का प्रमाणपत्र दिए जाने का निर्णय लिया गया. महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और महाराष्ट्र राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने तुरंत सिंधी समाज के प्रॉपर्टी सनद प्रमाणपत्रों का निरीक्षण करने और उन्हें तत्काल प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश जारी किया हैं. इसी के अनुसार, पुणे जिला कलेक्टर जीतेंद्र डूडी ने पिंपरी-चिंचवड़ के तहसीलदार जयराज देशमुख को आदेश दिया और उन्होंने तत्काल मंडल अधिकारी अेिशनी गायकवाड़ को निर्देश दिया कि वे सिंधी समाज के सदस्यों से उनकी संपत्तियों के पूर्ण विवरण सहित आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दें. पिछले सप्ताह से ही इन आवेदकों की सुनवाई भी शुरू हो गई है. इसके चलते अब सिंधी समाज के लोगों की प्रॉपर्टीज स्थायी रूप से उनके नाम पर होंगी. सुनवाई में सिंधी समाज के सामाजिक कार्यकर्ता धनराज आसवानी, गोपीचंद आसवानी, मनोहर जेठवानी, प्रकाश लखवानी, सुधीर बजाज, जीतू ममतानी, राजू कटारिया, रिकी गोगिया, निक्की धोधानी और समाज के सदस्य उपस्थित थे.