‌‘झपुर्जा‌’ कला प्रेमियों की पहली पसंद बना

कला और संस्कृति के संग्रहालय में मनमोहक वस्तुएं, चित्र, मूर्तियां : वीकेंड में लोगों की रहती है भीड़

    24-Aug-2026
Total Views |
 

GFRSDRG
खड़कवासला, 23 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 प्रकृति की गोद में बसा ‌‘झपुर्जा‌’ कला और संस्कृति संग्रहालय प्रकृति, शांति, स्वच्छता और कला प्रेमियों के लिए अपार आनंद देने वाला स्थान बन चुका है. यहां के बारह से अधिक दीर्घाएं (गैलरी) अजीत गाडगिल के संग्रह की सुंदरता और कला के विभिन्न आयामों को छूने वाली वस्तुओं, चित्रों, मूर्तियों और उपकरणों से सजी हुई हैं. गत सांस्कृतिक वैभव के प्रतीकों को सहेजने के साथ-साथ यहां उनसे फिर से जुड़ने का अवसर मिलता है, और इन्हें देखते हुए लोग यादों के सुंदर संसार में खो जाते हैं. यह लोगों को अतीत में ले जाकर पुरानी स्मृतियों को तरोताजा करने का अवसर देता है. यहां की अद्भुत वास्तुकला भी इसके सौंदर्य को और अधिक बढ़ा देती है. बताते हैं कि ‌‘झपुर्जा‌’ का मुख्य उद्देश्य हमारी वैभवशाली परंपरा और संस्कृति की पहचान कराना, उसका पुनरुद्धार करना, और उसका प्रचार-प्रसार अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना है. इसके साथ ही, कला सभी के लिए के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट में हर किसी को अपनी पसंद और मनमुताबिक कुछ न कुछ अनुभव करने को जशर मिलता है. यहां बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आने वाली कलाकृतियां प्रस्तुत की जाती हैं. अनुभवी कलाकार तो यहां अपने प्रयोग और प्रस्तुतियां करते ही हैं, साथ ही नए कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है. हर शनिवार और रविवार को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद कलाप्रेमी दर्शकों को यहां प्रस्तुत होने वाले नृत्य, नाटक, काव्य पाठ और संगीत सभाओं के रूप में मिलता है. पिकनिक या अध्ययन यात्रा के लिए पसंदीदा : कई स्कूल और कॉलेज भी पिकनिक या अध्ययन यात्रा के स्थान के रूप में इस संग्रहालय को चुनते हैं. यह संग्रहालय प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), कॉन्फ्रेंस रूम जैसी सुविधाओं और कई प्रकार की कार्यशालाओं (वर्कशॉप) व गतिविधियों से सुसज्जित है.  
 
लोगों को हमेशा नया, सूक्ष्म और ताजा अनुभव देने ‌‘झपुर्जा‌’ का लगातार प्रयास
 खास बात यह है कि हर छह-आठ महीने में यहां की कम से कम चार दीर्घाएं (गैलरियां) बदल दी जाती हैं. उन्हें नई वस्तुओं और नए विचारों से सजाया जाता है. बार-बार आने वाले कलाप्रेमी दर्शकों को हमेशा एक नया, सूक्ष्म और ताजा अनुभव देने का झपुर्जा का प्रयास रहता है. ‌‘झपुर्जा‌’ कला और संस्कृति संग्रहालय आप सभी के स्वागत के लिए हमेशा तैयार रहता है. नई दीर्घाओं को देखने और अधिक जानकारी के लिए 9850991008 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.