नवी पेठ, 24 अगस्त (आ.प्र.) शिक्षा के बाजारीकरण के दौर में जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए सैकड़ों दानदाता आगे आ रहे हैं. उनके सहयोग से प्रगति करने वाले विद्यार्थी आगे चलकर कृतज्ञता की भावना से इसी कार्य से जुड़ रहे हैं. मानवता और कृतज्ञता का समन्वय करने वाला दिशा परिवार का उपक्रम सराहनीय है, ऐसा प्रतिपादन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित दत्तात्रय वारे गुरुजी ने किया. दिशा परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नवी पेठ स्थित एस. एम. जोशी सभागृह में आयोजित 20वें शैक्षणिक छात्रवृत्ति वितरण समारोह में वे बोल रहे थे. इस अवसर पर 250 जरूरतमंद विद्यार्थियों को दानदाताओं के हाथों छात्रवृत्ति प्रदान की गई. समारोह की अध्यक्षता मराठवाड़ा मित्र मंडल के कार्याध्यक्ष डॉ. भाऊसाहेब जाधव ने की. इस अवसर पर एबीपी माझा के मुख्य संपादक राजीव खांडेकर, उद्यमी गणेश जाधव, दैनिक प्रभात के महाप्रबंधक रविकुमार इंडी, पूर्व महाप्रबंधक बी. एल. स्वामी, दिशा परिवार के संस्थापक राजाभाऊ चव्हाण, छात्रवृत्ति वितरण समारोह समिति के अध्यक्ष सुजीत शिंदे, संस्था के अध्यक्ष मकरंद कुलकर्णी, कार्याध्यक्ष अरुण कुलकर्णी, ट्रस्टी विवेक अग्रवाल, सचिव निखिल पडवळ और चिन्मय कुलकर्णी उपस्थित थे. राजाभाऊ चव्हाण ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता का यह उपक्रम 20 वर्षों से जारी है. संस्था का उद्देश्य दानदाताओं और जरूरतमंद विद्यार्थियों को जोड़ना है. गणेश जाधव ने संस्था के कार्य को दानशीलता का साकार उदाहरण बताया. रवीकुमार इंडी ने भी विचार व्यक्त किए. सुजीत शिंदे ने प्रस्तावना, चिन्मय कुलकर्णी ने संचालन और शाम शिरसाठे ने आभार व्यक्त किया.