वाकड़, 27 अगस्त (आ.प्र.)
वाकड़ में एक 42 वर्षीय विवाहित महिला ने अपने ससुरालवालाें द्वारा पैसे और पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगने के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से पीड़ित हाेकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना गुरुवार (27 अगस्त) काे लगभग रात के 1 बजे ईशान साेसायटी के पहले बंगले में सामने आई.आत्महत्या करने वाली महिला का नाम शिल्पा सचिन गवारे ( उम्र-42 वर्ष) है. इस मामले में, मृत महिला के भाई संताेष गुलाब कलाटे ( उम्र-47 वर्ष, निवासी दत्तामंदिर राेड, वाकड़) ने वाकड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.
उनकी शिकायत के आधार पर, उनके पति सचिन उत्तम गवारे, ससुर उत्तम शिवराम गवारे, सास संजीवनी उत्तम गवारे और देवर संदीप उत्तम गवारे (सभी निवासी ईशान साेसायटी, वाकड़) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की बहन शिल्पा की शादी वर्ष-2009 में सचिन गवारे से हुई थी. शादी के समय, उनके ससुरालवालाें ने यह बात छुपा दी थी कि पुरानी दुश्मनी के चलते सचिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज था. शादी के बाद, सचिन काे इस हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई और वह लगभग चार साल तक जेल में रहा. शादी के कुछ दिनाें बाद ही, ससुराल वालाें ने शिल्पा पर घर से पैसे लाने और अपने पिता की जमीन में हिस्सा लेने का दबाव डालना शुरू कर दिया. उसका पति सचिन शराब का आदी था. जबकि उनकी सास संजीवनी शिल्पा के चरित्र पर शक करती थीं, जिसके कारण सचिन उसे पीटता था.
शिल्पा काे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और धमकी दी जाती थी, अपने पिता की संपत्ति के दस्तावेजाें पर हस्ताक्षर मत कराे और हमें संपत्ति में हिस्सा दे दाे.
अपनी बहन का घर-संसार चलाने के लिए शिकायतकर्ता संताेष कलाटे समय-समय पर ससुरालवालाें की मांगें पूरी करते थे, उन्हें नकद पैसे देते थे और व्यापार व जमीन खरीदने में भी आर्थिक मदद की. हालांकि, कुछ दिन पहले जब ससुरालवालाें काे पता चला कि उसके भाइयाें की संपत्ति के दस्तावेजाें पर शिल्पा ने हस्ताक्षर कर दिए हैं, ताे उसके ससुरालवालाें ने उसे फिर से परेशान करना शुरू कर दिए है.
गुरुवार काे रात करीब 1 बजे ससुराल वालाें ने शिल्पा की मां काे सूचना दी कि शिल्पा ने साड़ी की मदद से बेडरूम में छत के पंखे से फांसी लगा ली है.
जब उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, ताे डाॅक्टराें ने इलाज से पहले ही उसे जांच कर मृत घाेषित कर दिया.
इस बीच, आराेपी कह रहा है कि उसने बेडरूम का दरवाजा खुला छाेड़कर फांसी लगाई है, इसलिए शिकायतकर्ता ने भी उसकी माैत पर संदेह जताया है और पुलिस से मामले की गहन जांच करने की मांग की है. वाकड़ पुलिस मामले की जांच कर रही है.