चाकण, 2 अगस्त (आ.प्र.)
चाकण-शिक्रापुर हाइवे पर सुबह से ही ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने के कारण यातायात बेहद धीमी गति से चल रहा है.
चाकण से शेलपिंपलगांव के आगे साबलेवाड़ी तक और चाकण की ओर भाेसेगांव तक वाहनाें की लंबी कतारें लग जाने से वाहनचालक और यात्री बेहद परेशान नजर आए. पिछले कुछ दिनाें से हाे रही लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत खस्ता हाे गई है. गाड़ियाें की रफ्तार धीमी हाेने से ट्रैफिक जाम की समस्या और ज्यादा बढ़ रही थी. चाकण-शिक्रापुर हाइवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति अब गंभीर बन चुकी है. इस सड़क पर भारी वाहनाें की भारी आवाजाही, जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे, और आलंदी व राजगुरूनगर से आकर शेलपिंपलगांव काे जाेड़ने वाले चाैराहाें पर जुटने वाली वाहनाें की भीड़ के कारण इस मार्ग पर हमेशा यातायात का भारी दबाव रहता है.
ट्रैफिक जाम का ‘हाॅटस्पाॅट’ बने शेलपिंपलगांव नदी के पुल और चाकण की ओर जाने वाली सड़क पर दिन भर गाड़ियां धीमी गति से आगे बढ़ते हुए नजर आईं.
दाेपहर के समय शेलपिंपलगांव नदी पुल के आसपास स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वाहन एक ही जगह काफी समय तक रूके रहे. चाकण पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी विवेक सानप, शेखर नेहरे, महिला पुलिसकर्मी पूजा काले, यातायात विभाग के श्रीकांत शिंदे तथा वार्डन आनंद साठे व अक्षय गुलीक आदि ने माैके पर पहुंचकर ट्रैफिक सुचारू किया. शेलपिंपलगांव के सरपंच शरदराव माेहिते पाटिल, बाजार समिति के निदेशक सयाजीराजे माेहिते व पंचायत समिति की सभापति विद्या माेहिते ने सड़क के नवीनीकरण का काम तुरंत शुरू करने की मांग की.