2029 की राष्ट्रीय स्पर्धा पुणे में कराने की कोशिश : सांसद मुरलीधर मोहोल

    30-Aug-2026
Total Views |
 
gfsrg
पुणे, 29 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पिछले 12 सालों में क्रीडा क्षेत्र में कई सुधार हुए हैं. केंद्र सरकार ने 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में कराने की कोशिशें भी शुरू कर दी हैं. हालांकि, मुख्य मकसद 2036 में भारत में ओलंपिक गेम्स का आयोजन कराना है. इसके लिए केंद्र सरकार को 2029 में पुणे में राष्ट्रीय स्पर्धा कराने का प्रस्ताव विभिन्न क्रीडा संगठनों द्वारा भेजा गया है. यह जानकारी देते हुए केंद्रीय सहकारिता और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भरोसा जताया कि पुणे में राष्ट्रीय स्पर्धा के होने के बाद विभिन्न खेलों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी. डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर शनिवार (29 अगस्त) को डेक्कन जिमखाना में आयोजित कार्यक्रम में मोहोल बोल रहे थे. इस मौके पर मोहोल ने एक स्पेशल कवर भी जारी किया. महाराष्ट्र और गोवा के चीफ पोस्टमास्टर जनरल रामचंद्र जायभाये, पुणे क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल, पोस्टल सर्विसेज के डायरेक्टर अभिजीत बनसोडे, अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाडी पूजा कोपरकर, आश्लेषा बोडस, शिव छत्रपति पुरस्कार विजेता जलतैराकपटू मनोज एरंडे भी मंच पर मौजूद थे. हर साल 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है. इस मौके पर खिलाड़ी मनाली जाधव, सोनाली तोडकर, ओंकार मोकाशी, अभिषेक मोरे, अंजलि कपूर, निकित धूमाल को भी मोहोल और जायभाये ने सम्मानित किया. मुरलीधर मोहोल ने कहा कि विभिन्न क्रीडा संगठन एकत्रित मिलकर 2029 के पुणे में राष्ट्रीय स्पर्धाओं का आयोजन करने के लिए प्रयासरत हैं. इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा गया है. हाल ही में ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने 39 मेडल जीते. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं कि जो खेलेगा वो खिलेगा, खेलो इंडिया की पहल से देश में अलग-अलग खेलों को प्राथमिकता दी जा रही है, और इससे उभरते हुए खिलाडियों को भी मौके मिल रहे हैं. क्रीडा क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए नीतिगत फैसले भी लिए जा रहे हैं. कार्यक्रम का सूत्रसंचालन सिद्धार्थ हराले ने किया. पुणे शहर पश्चिम विभाग के सीनियर सुपरिंटेंडेंट नितिन येवला ने धन्यवाद ज्ञापन किया.