देसाई कॉलेज में गुजराती भाषा दिवस संपन्न

गरबा, काव्य पाठ व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित; एकता और भाईचारे का संदेश दिया

    31-Aug-2026
Total Views |
vfsbg
 
बुधवार पेठ, 30 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 ‌‘दी पूना गुजराती केलवणी मंडल‌’ के हरिभाई वी. देसाई कॉलेज में गुजराती भाषा दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. संस्था के शताब्दी वर्ष के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. गुजराती भाषा, साहित्य और संस्कृति के सम्मान तथा छात्रों को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से इस दौरान गरबा, काव्य पाठ और गुजराती निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई. भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि वह संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को सहेजने का एक प्रभावी साधन भी है, यह संदेश इस कार्यक्रम के माध्यम से रेखांकित किया गया. कला मंडल प्रमुख डॉ. अर्चना पंडित, चेतना आडतीया, शैलजा गुजराती और हार्दिका पटेल ने कार्यक्रम का आयोजन किया. महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी संदीप देशपांडे ने सहयोग दिया. पीजीकेएम के उपाध्यक्ष जनक शाह ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए भाषा की शुद्धता के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा हर किसी को अपनी मातृभाषा का संरक्षण और संवर्धन करना चाहिए. इस कार्यक्रम में पीजीकेएम के सह-सचिव दिलीप जगड़, विनोद देढिया, हरिभाई वी. देसाई महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र गुरव तथा मुख्य अतिथि अमिताबेन शाह और वर्षाबेन परमार मुख्य रूप से उपस्थित थे.

 पुणेकर गुजराती होने पर गर्व

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‌‘दी पूना गुजराती केलवणी मंडल‌’ के चेयरमैन डॉ. राजेश शाह ने कहा, आज के युग में मातृभाषा को सहेजना और इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है. हम पुणेकर गुजराती भाषी होने पर सच्चा गर्व महसूस करते हैं. हम पीढ़ियों से पुणे में रहते आए हैं, इसलिए पक्के पुणेकर बन गए हैं और मराठी भाषा पर भी हमारा वैसा ही प्रभुत्व हो गया है.