‌‘आदर्श माता पुरस्कार‌’ वितरण समाराेह आज

जाधवर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स द्वारा तीन महिलाओं का किया जाएगा सम्मान

    31-Aug-2026
Total Views |

grf
 
नर्हे, 30 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

जाधवर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की ओर से 8वां ‌‘आदर्श माता पुरस्कार‌’ ज्योति कदम, स्वाति निम्हण और सुनीता लांजेकर को प्रदान किया जाएगा. यह कार्यक्रम सोमवार, 31 अगस्त सुबह 10:30 बजे नर्हे स्थित प्राचार्य डॉ. सुधाकरराव जाधवर सभागार में होगा. यह जानकारी संस्थान के उपाध्यक्ष एड. शार्दुल जाधवर ने दी है. इस पुरस्कार वितरण समारोह में विधान परिषद सदस्या और विधायक नीलम गोर्हे, सामाजिक कार्यकर्ता ममता सपकाल, संस्था के अध्यक्ष प्राचार्य डॉ. सुधाकर जाधवर, उपाध्यक्ष एडवोकेट शार्दुल जाधवर और कोषाध्यक्ष सुरेखा जाधवर सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहेंगी. यह इस पुरस्कार का आठवां वर्ष है. इस विशेष समारोह का आयोजन संस्था की कोषाध्यक्ष सुरेखा सुधाकरराव जाधवर के जन्मदिन के अवसर पर किया गया है. एड. शार्दुल जाधवर ने कहा प्रत्येक सफल व्यक्ति के पीछे उसकी मां का अमूल्य योगदान होता है. बचपन से दिए गए संस्कार, उचित शिक्षा और सही मार्गदर्शन के कारण ही हर व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में सफलता के शिखर को छू सकता है. इसीलिए संस्था की ओर से समाज के ऐसे ही सफल व्यक्तियों की माताओं का सम्मान किया जा रहा है. उन्होंने यह अपील भी की कि यह कार्यक्रम सभी के लिए निःशुल्क है, अतः पुणेवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहें.