दुबई, 30 अगस्त (वि.प्र.)
आईसीसी ने श्रीलंका से वूमेंस चैंपियंस ट्राॅफी की मेजबानी का अधिकार छीन लिया है. नए मेजबान देश काे लेकर फैसला अगली मीटिंग में लिया जाएगा. 2027 में पहली बार वूमेंस चैंपियंस ट्राॅफी का आयाेजन हाेना है, जिसकी शुरुआत 14 फरवरी से हाेगी, जबकि फाइनल मुकाबला 28 फरवरी काे खेला जाना है.इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी.
श्रीलंका क्रिकेट काे सरकार द्वारा नियुक्त एक अंतरिम प्रशासन चला रहा है. जिसकी वजह से आईसीसी ने यह फैसला लिया है. रिपाेर्ट में दावा किया गया है कि श्रीलंका ने टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार खाे दिया है और नए मेजबान देश का फैसला आईसीसी बाेर्ड की अगली बैठक में किया जाएगा.
एसएलसी ट्रांसफाॅर्मेशन कमेटी के सेक्रेटरी प्रकाश शैफ्टर ने कहा, हां, इसे श्रीलंका से दूसरी जगह ले जाया गया है. यह टूर्नामेंट किसी दूसरी जगह पर खेला जाएगा, लेकिन अभी मुझे पक्का नहीं पता कि यह कहां खेला जाएगा.
आईसीसी का कहना है कि सदस्य देशाें में सरकार का काेई दखल नहीं हाेना चाहिए. आईसीसी ने एसएलसी के प्रतिनिधियाें काे आईसीसी बाेर्ड की बैठक में शामिल हाेने की इजाजत देने से भी मना कर दिया था, क्याेंकि बाेर्ड काे एक ट्रांसफाॅर्मेशन कमेटी चला रही थी.
पिछले महीने एक बयान में आईसीसी ने एसएलसी से जितनी जल्दी हाे सके चुनाव कराने काे कहा था.
आईसीसी ने एक बयान में कहा था, आईसीसी बाेर्ड काे श्रीलंका क्रिकेट के बारे में जानकारी मिली और उन्हाेंने बदले हुए संविधान की दिशा में हुई प्रगति पर ध्यान दिया. उन्हाेंने जल्द से जल्द चुनाव कराने की जरूरत पर जाेर दिया और इस बात पर सहमति जताई कि श्रीलंका क्रिकेट अभी के लिए आईसीसी बाेर्ड की बैठकाें में प्रतिनिधित्व करने में असमर्थ रहेगा.