गांधी भवन में डॉ. शिवाजीराव कदम का सर्वसम्मति से हुआ चयन

विवेक सावंत को भी ट्रस्टी मंडल में मिली जिम्मेदारी

    04-Aug-2026
Total Views |
   

vbgfb

पुणे, 3 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

महाराष्ट्र गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ शिक्षाविद एवं भारती विद्यापीठ के कुलपति डॉ. शिवाजीराव कदम का सर्वसम्मति से चयन किया गया है. पुणे स्थित गांधी भवन में आयोजित ट्रस्टियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया. संस्था के लगभग दो दशक तक अध्यक्ष रहे डॉ. कुमार सप्तर्षि के निधन के बाद यह जिम्मेदारी अब डॉ. कदम को सौंपी गई है. साथ ही महाराष्ट्र नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमकेसीएल) के मुख्य मार्गदर्शक विवेक सावंत को भी ट्रस्टी मंडल में शामिल किया गया है. ट्रस्ट के सचिव अनवर राजन ने बताया कि ट्रस्टी मंडल में तुषार गांधी, लक्ष्मीकांत देशमुख, सिसिलिया कार्व्हालो, एडवोकेट अभय छाजेड़, मच्छिंद्र गोर्डे, एम. एस. जाधव और रमेश आढाव भी सदस्य हैं, जबकि सुनील पाटिल आमंत्रित ट्रस्टी के रूप में जुड़े रहेंगे. महात्मा गांधी की हत्या के बाद वर्ष 1948 में देशभर में गांधी स्मारक निधि की स्थापना का निर्णय लिया गया था. महाराष्ट्र में वर्ष 1961 में पुणे के कोथरूड स्थित गांधी भवन का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने किया था. डॉ. शिवाजीराव कदम लंबे समय से संस्था से जुड़े रहे हैं और ग्रामीण विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. वहीं विवेक सावंत ने एम. एस. सी. आई. टी. जैसे लोकप्रिय कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से लाखों युवाओं तक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.