नए आयकर कानून पर इनकम टैक्स विभाग का जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

    04-Aug-2026
Total Views |

fgsvg 

चाकण, 3 अगस्त (आ.प्र.)

फेडरेशन ऑफ चाकण इंडस्ट्रीज की ओर से नए आयकर (इन्कम टैक्स) कानून और उसके तहत आवश्यक कम्प्लायंस के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए आयकर विभाग के सहयोग से एक इंटरेक्टिव मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. तलेगांव औद्योगिक क्षेत्र के सदस्य उद्योगों में कार्यरत मानव संसाधन, वित्त और पेरोल विभागों के अधिकारियों को नए आयकर कानून, उसमें हुए बदलावों और आवश्यक अनुपालन प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस पहल के लिए चाकण-तलेगांव औद्योगिक क्षेत्र के 75 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. इस अवसर पर अतिरिक्त आयकर आयुक्त उदयराज सिंह, उप आयकर आयुक्त जसकंवलपाल सिंह, आयकर अधिकारी नारायण पटेल, चेरियन, अनीता रेजी और रितेश कुमार ने उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया. एफसीआई की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप बटवाल, निदेशक विनोद जैन, निदेशक सुनील मोरे, सैनी इंडिया के मुख्य वित्त अधिकारी मनीष पाटाड़िया तथा पुनीत बाजपेयी उपस्थित थे. मार्गदर्शन सत्र में नए आयकर कानून का उद्योगों पर पड़ने वाला प्रभाव, वेतन एवं भत्तों पर कर निर्धारण, टीडीएस से जुड़े नियम, कर्मचारियों को मिलने वाली कर छूट व कटौतियां और हालिया टैक्स संबंधी बदलावों व उनका समय पर अनुपालन कैसे करें, इस पर विस्तार से जानकारी दी गई. इसके बाद हुए सवाल-जवाब सत्र में उद्योग प्रतिनिधियों ने वेतन, टीडीएस, कर्मचारी घोषणापत्रों और कर अनुपालन से जुड़े कई व्यावहारिक प्रश्न पूछे. आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी प्रश्नों के विस्तृत उत्तर देकर उद्योगों की शंकाओं का समाधान किया. अंत में आयकर अधिकारी अनीता रेजी ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया.