कैम्प, 4 अगस्त (आ.प्र.) ए.के.आई. संस्था द्वारा संचालित पूना कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स में प्रथम वर्ष विज्ञान संकाय के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. प्राचार्य डॉ. इकबाल एन. शेख़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना था. कार्यक्रम का उद्घाटन उपप्राचार्य डॉ. गुलाब पठान ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथसाथ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों के विकास का भी महत्वपूर्ण चरण है. आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. शिरीन शेख़ ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति पर प्रकाश डाला. डॉ. अमजद शेख़ ने मल्टी-डिसिप्लिनरी शिक्षा, कौशल विकास, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स, इंटर्नशिप तथा फ्लेक्सिबल एजुकेशन सिस्टम के महत्व को विस्तार से समझाया. विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों, प्रयोगशालाओं, पाठ्यक्रम, शोध के अवसरों तथा भविष्य की करियर संभावनाओं से अवगत कराया. एनसीसी और एनएसएस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा, नेतृत्व विकास, अनुशासन और राष्ट्र-निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. जहीर अब्बास अहमद तथा मोहम्मद अली बांगी ने किया.