सतीश गुजराल की जन्म शताब्दी पर डाक टिकट जारी

    06-Aug-2026
Total Views |
ndg

 नई दिल्ली, 5 अगस्त (आ.प्र.)

प्रसिद्ध चित्रकार, मूर्तिकार, भित्तिचित्रकार, वास्तुकार और लेखक पद्म विभूषण सतीश गुजराल की जन्म शताब्दी के अवसर पर स्मारक डाक टिकट जारी किया गया. रसील गुजराल आर्ट लिगेसी (आरजीएएल) ने भारत सरकार के डाक विभाग के सहयोग से इस विशेष टिकट का आयोजन किया. नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित समारोह में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने टिकट का अनावरण किया.समारोह में सतीश गुजराल के परिवारजन, कलाकार, कला संग्रहकर्ता, प्रमुख विचारक और मीडियाकर्मी शामिल हुए. सात दशकों से अधिक लंबे अपने रचनात्मक सफर में गुजराल ने भारतीय आधुनिक कला और स्थापत्य को नई दिशा दी थी. इस अवसर पर सतीश गुजराल शताब्दी स्टैम्प संग्रहणीय वस्तुओं की एक विशेष सार्वजनिक प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया. नवीन अंसल और रसील गुजराल अंसल द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 4 से 9 अगस्त तक बीकानेर हाउस में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी. स्मारक टिकट के लिए सतीश गुजराल के वर्ष 2010 के आसपास बनाए गए दुर्लभ स्व-चित्र को आधार बनाया गया है. यह उनके जीवन में बनाए गए केवल चार स्व-चित्रों में से एक है. रसील गुजराल अंसल के निजी संग्रह में सुरक्षित यह कलाकृति परिवार की महत्वपूर्ण धरोहर है.