मुंबई, 6 अगस्त (वि.प्र.) मध्य रेल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए ट्रेन स्टंट के एक वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चलती उपनगरीय ट्रेन में खतरनाक स्टंट करने वाले 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया. युवक ने अपनी जान के साथसाथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाला था. आरोपी की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद खुर्शीद के रूप में हुई है, जो कलवा का निवासी है. उसने स्वीकार किया कि उसने 02 अगस्त 2026 को कलवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर चलती उपनगरीय ट्रेन में लापरवाहीपूर्वक स्टंट किया था. इस घटना का वीडियो बनाकर उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था. वीडियो वायरल होने के बाद मध्य रेल की आरपीएफ टीम तुरंत सक्रिय हुई और कलवामुंब्रा क्षेत्र में व्यापक तलाश अभियान चलाया. 04 अगस्त 2026 को आरोपी को कलवा (पूर्व) क्षेत्र से ढूंढ़कर गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट, मुंब्रा में मामला दर्ज किया गया तथा आरोपी को रेलवे अधिनियम की धारा 154, 145 और 156 के तहत हिरासत में लिया गया. आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस जारी कर 05 अगस्त 2026 को माननीय रेलवे न्यायालय, कल्याण में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए्. उसे अदालत में जुर्माना लगाया गया और चेतावनी देकर रिहा कर दिया गया.