महाराजा अग्रसेन के जीवन पर बनेगी भव्य फिल्म

भीष्म पितामह फेम मुकेश खन्ना निभाएंगे मुख्य भूमिका

    09-Aug-2026
Total Views |

FSG
 
मुंबई, 8 अगस्त (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 भगवान महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनके जीवन पर बन रही भव्य फिल्म में महाभारत सीरियल में भीष्म पितामह की अमर भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश खन्ना महाराजा अग्रसेन की मुख्य भूमिका निभाएंगे. यह देश-विदेश तक फैले अग्रवाल समाज के लिए एक गौरव और हर्ष का विषय है. इस फिल्म के निर्माण की मुख्य प्रेरणा और पूर्ण मार्गदर्शन देनेवाले मुम्बई उपनगर के सुविख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल ने इस फीचर फिल्म के निर्माण को अग्रवाल समाज के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए समाजबंधुओं की ओर से प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे की मदद से महाराजा अग्रसेन के विचार आसानी से जन-जन तक पहुंच सकेंगे. मुकेश खन्ना को साइनिंग अमाउंट प्रदान करने और अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही फिल्म निर्माण की औपचारिक शुरुआत हो गई्‌‍. इस अवसर पर फिल्म का विधिवत शुभ मुहूर्त भी संपन्न हुआ्‌‍. श्याम फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म के निर्देशक हैं अभिनेता सन्नी अग्रवाल, जबकि फिल्म के प्रोड्यूसर पुरुषोत्तम केजरीवाल हैं और सुमन अग्रवाल सह-निर्माता. इस फिल्म के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा. फिल्म निर्माताओं का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी सहित आमजन तक पहुंचाना है. महाराजा अग्रसेन द्वारा दिए गए सामाजिक समानता, सहयोग, परोपकार और लोककल्याण के संदेश को फिल्म के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा. इससे युवाओं को भी महाराजा अग्रसेन के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा मिलने की उम्मीद है. अग्रवाल समाज के लोगों ने फिल्म निर्माण की इस पहल को समाज के गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने का आह्वान किया. समाजबंधुओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है.