जीवन का असली सुख शांति और स्वास्थ्य में छिपा हुआ है, इन्हीं विचारों के साथ ‘ऊंचाई’ नामक संस्था अग्रवाल समाज के विभिन्न घटकों को एक साथ लाकर कार्यरत है. योग, ध्यान, एडवेंचर स्पोर्ट्स और विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों समेत ऊंचाई की एक विशेष पहल मन की बात भी है, जिसमें प्रत्येक रविवार को लोकप्रिय दै. ‘आज का आनंद’ में क्लब के सदस्य अपने विचार, अनुभव, भावनाएं और जीवन के महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर धन कमाने की दौड़ में अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है. यदि हमारा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा नहीं होगा, तो जीवन की कोई भी सफलता हमें सच्ची खुशी नहीं दे सकती. सच्ची खुशी के लिए स्वास्थ्य पर ध्यान देना अति आवश्यक है, क्योंकि स्वास्थ्य ही जीवन का अमूल्य धन है. मानसिक तनाव, अनियमित दिनचर्या और गलत खान-पान आज कई समस्याओं का कारण बन रहे हैं. ऐसे समय में योग, ध्यान, नियमित व्यायाम और सकारात्मक वातावरण बहुत आवश्यक हो जाते हैं. ऊंचाई परिवार इसी दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है. यहां हमें अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है. ऊंचाई केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और सामाजिक जुड़ाव को भी बढ़ावा देता है.
समाज की प्रेरणा बनेंगे
ऊंचाई की मेंबर कविता जैन ने कहा कि मेरा मानना है कि यदि हम अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, तो हम न केवल स्वयं खुश रहेंगे बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी प्रेरणा बन सकेंगे.