टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक कारों की बुकिंग में तीन गुना उछाल आया

    01-Sep-2026
Total Views |
 
vsdG
पुणे, 31 अगस्त (आ.प्र.)

टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है. पिछले 6 महीनों में टाटा की इलेक्ट्रिक कारों की बुकिंग में 3 गुना का उछाल देखा गया है. टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के चीफ कॉमर्शियल ऑफिसर विवेक श्रीवत्स ने बताया कि जबरदस्त डिमांड के बावजूद सीमित उत्पादन क्षमता के कारण वे पूरी तरह से इस मांग को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. इसके बावजूद कंपनी को आने वाले फेस्टिवल सीजन (सितंबर-दिसंबर) में रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद है. चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कार इंडस्ट्री ने लगभग 46% की सालाना ग्रोथ दर्ज की, जबकि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में 77% का जबरदस्त उछाल देखा गया. पिछले 2-3 महीनों में टाटा मोटर्स ने अपना मार्केट शेयर लगातार बढ़ाया है और दूसरे नंबर की कंपनी के साथ अपना अंतर और ज्यादा मजबूत किया है. कार बिक्री में आई इस तेजी के पीछे दो मुख्य वजहें बताई जा रही हैं. 22 सितंबर 2025 को लागू हुए नए जीएसटी सिस्टम के बाद से गाड़ियां ज्यादा किफायती हो गई हैं. इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर 5% जीएसटी लग रहा है, जबकि छोटी गाड़ियों पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया था. पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन की कीमतों और उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है, जिससे ग्राहक पेट्रोल-डीजल के बजाय तेजी से इलेक्ट्रिक कारों को अपना रहे हैं.