गणेशोत्सव के मद्देनजर सड़कों, विद्युत सरक्षा को प्राथमिकता दें: डॉ. विजय सर्यवंशी

    01-Sep-2026
Total Views |

ganeshotsav 
पिंपरी, 31 अगस्त (आ.प्र.)
गणेशाेत्सव के मद्देनज़र बिजली के ताराें और कनेक्शनाें की सुरक्षा की जांच कर खतरनाक कनेक्शनाें पर संबंधित निकायाें के समन्वय से कार्रवाई की जाए. कृत्रिम विसर्जन कुंडाें की तैयारी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी की जाए. साथ ही, प्रत्येक क्षेत्रीय अधिकारी अपने प्रभाग काे स्वच्छ, सुंदर और नागरिकाें के लिए सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाएं.
 
फुटपाथाें काे पैदल यात्रियाें के लिए मुक्त कराया जाए, सार्वजनिक शाैचालयाें की नियमित सफाई, पेड़ाें की छंटाई और सड़काें की मरम्मत का काम समय पर पूरा किया जाए. बीट निरीक्षकाें के माध्यम से अवैध निर्माणाें पर बारीक नज़र रखकर तुरंत उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए, ऐसे निर्देश मनपा आयुक्त डाॅ. विजय सूर्यवंशी ने दिए.
 
मनपा के पिंपरी स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में आगामी गणेशाेत्सव और शहर की विभिन्न नागरिक सुविधाओं की समीक्षा के लिए आयुक्त डाॅ. सूर्यवंशी ने संबंधित विभागाध्यक्षाें और अधिकारियाें की बैठक ली.
 
इस अवसर पर शहर में अतिक्रमण, अवैध निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, सड़काें व फुटपाथाें की स्थिति, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, उद्यानाें, गणेश मूर्तियाें के विसर्जन के लिए कृत्रिम विसर्जन कुंडाें की तैयारी और नागरिकाें की शिकायताें के निपटारे जैसे विषयाें की समीक्षा की गई.
 
संबंधित अधिकारियाें काे आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आयुक्त ने ये बातें कहीं. इस बैठक में अतिरिक्त आयुक्त कुलदीप जंगम, विक्रांत बगाड़े, तृप्ति सांडभाेर, सह आयुक्त मनाेज लाेणकर, शहर अभियंता मनाेज सेठिया, सह शहर अभियंता अजय सूर्यवंशी, प्रेरणा सिनकर तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.