पुणे, 31 अगस्त (आ.प्र.) सिम्बायोसिस लॉ एडमिशन टेस्ट 2027 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है. परीक्षा 19 दिसंबर 2026 और 26 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. पंजीकरण और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है. सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) द्वारा आयोजित एसएलएटी के माध्यम से पुणे, नोएडा, हैदराबाद और नागपुर स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूलों के प्रमुख स्नातक विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है. परीक्षा देशभर में 62 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. एसएलएटी के माध्यम से बीए एलएलबी (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स), बीकॉम एलएलबी (ऑनर्स), बीए एलएलबी और बीबीए एलएलबी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है. कंप्यूटर आधारित इस परीक्षा में कुल 60 प्रश्न होंगे और अभ्यर्थियों को इन्हें हल करने के लिए 60 मिनट का समय दिया जाएगा. परीक्षा में लीगल रीजनिंग, लॉजिकल एप्टीट्यूड, एनालिटिकल स्किल्स, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन और जनरल नॉलेज सहित पांच खंड होंगे. इच्छुक अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने और पंजीकरण के लिए एसएलएटी की आधिकारिक वेबसाइट https://www. slat-test.org पर जा सकते हैं.