कोर्सिट से एआई के 100 पाठ्यक्रम मुफ्त उपलब्ध होंगे

संस्थापक प्रथमेश सखदेव ने दी जानकारी; 25 पाठ्यक्रम उपलब्ध, बाकी विषयों पर काम जारी

    10-Sep-2026
Total Views |
 
vfsb
 
डेक्कन, 9 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कोर्सिट डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अलग-अलग एआई टूल्स सिखाने वाले लगभग 100 पाठ्यक्रम (कोर्स) पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे. यह जानकारी कोर्सिट के संस्थापक प्रथमेश सखदेव ने एक पत्रकार-वार्ता में दी. रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के ‌‘अटल इनक्यूबेशन सेंटर‌’ और रयत शिक्षण संस्था के ‌‘सेंटर फॉर इन्वेंशन, इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन‌’ में इनक्यूबेटेड ‌‘क्लिक स्किल्स एडटेक‌’ नाम के स्टार्टअप ने इसके लिए पहल की है. प्रथमेश सखदेव ने कहा, जिस भाषा में इंसान सोचता है, उसी भाषा में उसे सूचना प्रौद्योगिकी सीखने को मिलनी चाहिए, इसी सरल सोच के साथ ‌‘कोर्सिट‌’ डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया गया है. एआई के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े कोर्स भी ‌‘कोर्सिट‌’ के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे. मराठी भाषा में उपलब्ध पाठ्यक्रमों के साथ-साथ मार्गदर्शन (मेंटर्स), ईमेल और वाट्सएप के माध्यम से भी हम विद्यार्थियों की सहायता करने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं. सखदेव ने कहा एआई से जुड़े लगभग 100 पाठ्यक्रम (कोर्स) निशुल्क उपलब्ध कराने की हमारी योजना है. इनमें से 25 पाठ्यक्रम फिलहाल उपलब्ध हैं और शेष 75 पाठ्यक्रम 2026 के अंत तक शुरू कर दिए जाएंगे. एआई के इन मुफ्त पाठ्यक्रमों के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल मार्केटिंग से संबंधित पाठ्यक्रम भी बहुत ही किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे. इससे छात्रों के लिए सुविधा और मौके दोनों उपलब्ध होंगे.