नई दिल्ली, 9 सितंबर (वि.प्र./वार्ता)
बिहार में गंगा समेत 8 नदियां उफान पर हैं. राज्य के 14 जिलाें में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. इससे करीब 40 लाख लाेग प्रभावित हैं. काेसी, गंडक और घाघरा नदियां लाल निशान से ऊपर बह रही हैं. सारण में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने से स्थिति गंभीर हाे गई है. उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलाें में छुट्टी कर दी गई है.
वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दाेपहर 3 बजे तक चलेंगे. गुरुवार काे वाराणसी और प्रयागराज समेत 23 जिलाें में बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड के पाैड़ी में लैंडस्लाइड के कारण घराें और दुकानाें में दरारें आ गई हैं. पहाड़ी जिलाें में भारी बारिश की संभावना काे देखते हुए यलाे अलर्ट जारी किया गया है. इधर, मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर 3 दिन का ब्रेक लिया है.
माैसम विभाग, भाेपाल ने 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अनुमान नहीं जताया है. बिहार में पिछले 5 दिनाें से हाे रही तेज बारिश के बाद 14 जिलाें में 40.21 लाख लाेग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, 14 जिलाें के 84 प्रखंडाें की 514 ग्राम पंचायताें में बाढ़ का असर है. केदारनाथ में बर्फबारी के बाद बुधवार सुबह माैसम साफ हाे गया था. गत दिनाें सुबह हुई बर्फबारी के बाद इलाके में धुंध छा गई थी.