पुणे, 9 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए पुणे ने अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. इंटरनेशनल साइक्लिंग यूनियन (यूसीआई) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 4 से 6 सितंबर के बीच पुणे का दौरा कर प्रस्तावित सुविधाओं और आयोजन क्षमता का विस्तृत आकलन किया. महाराष्ट्र का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 22 सितंबर को कनाडा के मॉन्ट्रियल में आधिकारिक प्रस्तुति देकर पुणे की उम्मीदवारी पेश करेगा. पुणे के जिलाधिकारी जीतेंद्र डूडी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 2032 में आयोजित होने वाली यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप साइक्लिंग प्रतियोगिता को 2033 में पुणे में आयोजित करने के उद्देश्य से इंटरनेशनल साइक्लिंग यूनियन (यूसीआई) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ 4 से 6 सितंबर के दौरान पुणे का निरीक्षण किया. कनाडा के मॉन्ट्रियल में 22 सितंबर को महाराष्ट्र की ओर से 2032 की प्रतियोगिता के लिए तैयार की गई अवधारणा प्रस्तुत की जाएगी. निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित रेस इन्फ्रास्ट्रक्चर, प्रतियोगिता स्थलों, विभिन्न स्पर्धाओं के प्रारंभ और समापन बिंदुओं, रेस मार्गों, आवास व्यवस्था, दर्शक प्रबंधन, तकनीकी आवश्यकताओं तथा इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई. यूसीआई के प्रतिनिधिमंडल में स्पोर्ट्स डायरेक्टर पीटर वैन डेन अबीले, स्ट्रैटेजिक स्पोर्ट्स मैनेजर मैथ्यू नाइट तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप्स अवॉर्ड्स एंड प्रोजेक्ट्स कोऑर्डिनेटर गिलॉम रोमियर शामिल थे. वहीं सीएफआई के प्रतिनिधिमंडल में महासचिव मनिंदर पाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण पाटील, तकनीकी निदेशक अजित सिंह, हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर धर्मेंद्र लांबा, मैनेजर-इंटरनेशनल रिलेशंस विनय कुमार सिंह, तकनीकी विशेषज्ञ एम. के. पाशा तथा वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी अक्षांका दहाट शामिल थे. स्टार्ट और एंड पाइंट का भी निरीक्षण किया प्रतिनिधिमंडल ने बालेवाड़ी खेल परिसर का दौरा कर विभिन्न स्पर्धाओं के लिए प्रस्तावित प्रारंभ और समापन स्थलों का निरीक्षण किया. इसके साथ ही सावित्रीबाई फुले पुणे वेिशविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया गया, जहां रेस मार्गों की योजना तथा प्रतियोगिता आयोजन की संभावनाओं का आकलन किया गया. इसके अतिरिक्त जे. डब्ल्यू. मैरियट पुणे, द रिट्ज-कार्लटन, पुणे तथा आधिकारिक आवास और आयोजन के लिए प्रस्तावित अन्य होटलेों में उपलब्ध आतिथ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया. महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सीएफआई और पुणे जिला प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में यूसीआई प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक स्नेहभोज का आयोजन किया. प्रतिनिधिमंडल को पुणे ग्रैंड टूर का प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया गया.
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल कनाडा की बैठक में भाग लेगा
प्रतिनिधिमंडल के समक्ष यह भी प्रस्तुत किया गया कि पुणे ग्रैंड टूर के आयोजन से विकसित अनुभव, उपलब्ध आधारभूत संरचना तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच स्थापित समन्वय, यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे बड़े स्तर के आयोजन के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करता है. इस बीच, 22 सितंबर को मॉन्ट्रियल, कनाडा में होने वाली आधिकारिक उम्मीदवारी प्रस्तुति के लिए महाराष्ट्र का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने कनाडा रवाना होगा. इस प्रतिनिधिमंडल में पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजितसिंह देओल, खेल एवं युवा सेवा आयुक्त दीपक सिंगला तथा उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के सचिव राजेश देशमुख शामिल होंगे.
मेजबानी हेतु पुणे ग्रैंड टूर के पहले सीजन का भी दिया प्रजेंटेशन पुणे ग्रैंड टूर के पहले सीजन में उपयोग किए गए रेस मार्गों, वास्तविक रेस काफिले और आयोजन के लिए अपनाई गई कार्यप्रणाली का प्रस्तुतीकरण भी किया गया. जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने कहा, यूसीआई अधिकारियों के पुणे दौरे से 2032 की वेिश चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए महाराष्ट्र में व्यापक उत्साह का वातावरण बना है. पुणे ग्रैंड टूर के माध्यम से प्राप्त अनुभव, राज्य की उपलब्ध आधारभूत संरचना और प्रशासनिक तैयारियों के कारण इस दावेदारी को आगे बढ़ाने में हमारा आत्मवेिशास बढ़ा है.