सदाशिव पेठ, 10 सितंबर (आ.प्र.) एस.पी. मंडल द्वारा संचालित प्रि. एन.जी. नारलकर इंस्टीट्यूट ऑफ करिअर डेवलपमेंट एंड रिसर्च, पुणे में नए शैक्षणिक सत्र के एमबीए छात्रों के लिए 5 दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम ‘आरंभ’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ. यह कार्यक्रम 12 सितंबर तक चलेगा. संस्थान के संचालक डॉ. महेश अबाले ने स्वागत भाषण देते हुए छात्रों को प्रबंधन शिक्षा के माध्यम से सर्वांगीण विकास और उद्योग जगत की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को ढालने के लिए प्रेरित किया. मुख्य वक्ता, ‘रॉबर्ट शॉ’ के मानव संसाधन संचालक डॉ. मयूर लोखंडे ने प्रबंधन क्षेत्र की उभरती चुनौतियों, उद्योग की अपेक्षाओं और नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला. उन्होंने छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल विकसित करने की सलाह दी. एस.पी. मंडल प्रबंधन परिषद के अध्यक्ष सुधीर कालकर और उपाध्यक्ष सी.ए. राधेश्याम अग्रवाल ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. पांच दिवसीय सत्र द्वारा छात्रों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, पाठ्यक्रम, उद्योग जगत की जरूरतों और व्यक्तित्व विकास के बारे में विषय विशेषज्ञ मार्गदर्शन दे रहे हैं.