चाकण में तीन स्थानों पर तोडू कार्रवाई

    11-Sep-2026
Total Views |
 
andhikrut
चाकण, 10 सितंबर (आ.प्र.)
चाकण शहर में अवैध निर्माणाें के खिलाफ चाकण नगर परिषद ने बुधवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध निर्माणाें काे ध्वस्त कर दिया. महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर रचना अधिनियम, 1966 की धारा 54 के तहत यह कार्रवाई की गई्. प्रशासन ने दावा किया है कि नगर परिषद के इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर याेजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई है. मुख्य कार्यकारी अधिकारी डाॅ. अंकुश जाधव ने जानकारी दी कि आने वाले दिनाें में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा कई स्थानाें पर कार्रवाई की जाएगी.
 
अवैध निर्माणाें पर अंकुश लगाने के लिए नगर परिषद ने इससे पहले अवैध हाेर्डिंग्स, लेआउट व प्लाॅटिंग तथा नेशनल हाइवे पर हुए अतिक्रमणाें के खिलाफ तीन चरणाें में कार्रवाई की है. नागरिकाें काे धाेखाधड़ी से बचाने के लिए अवैध प्लाॅट न खरीदने और नगर परिषद से निर्माण अनुमति लिए बिना निर्माण न करने के संबंध में जन-जागरूकता भी फैलाई गई है.
 
जिन संबंधित निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उन्हें नियमानुसार नाेटिस जारी किए गए थे. उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए सुनवाई का अंतिम अवसर भी दिया गया था. हालांकि, नाेटिस और सुनवाई का माैका दिए जाने के बाद भी अवैध निर्माण न हटाने पर नगर परिषद ने कानूनी प्रक्रिया के अंतर्गत ढहाने की कार्रवाई की.
 
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अनाधिकृत निर्माणाें के कारण नियाेजन, यातायात, अग्निशमन सुरक्षा, जलापूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और नागरिकाें की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. प्रशासन ने बताया कि कुछ स्थानाें पर निर्माण अनुमति लिए बिना बड़े पैमाने पर कमरे बनाकर किराए पर दिए जा रहे हैं.