धमकियों से बगैर डरे कश्मीर में मनाया जाएगा गणेशोत्सव

तीन मंडलों को दी गईं पुणे के सम्मानित गणपति मंडलों की मूर्तियां; युवा उद्योगपति पुनीत बालन की पहल

    11-Sep-2026
Total Views |
 
fde
बुधवार पेठ, 10 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कश्मीर घाटी में सार्वजनिक गणेशोत्सव मनाने वाले कार्यकर्ताओं को इस साल आतंकी संगठनों की ओर से धमकियां मिली हैं. आतंकियों ने कहा है कि यदि गणेशोत्सव मनाया गया, तो वे कार्यकर्ताओं को जान से मार देंगे. इसके बावजूद, इन धमकियों की परवाह न करते हुए कश्मीर के गणेश मंडलों के कार्यकर्ताओं ने इस साल भी धूमधाम से गणेशोत्सव मनाने का दृढ़ संकल्प लिया है. इसी पृष्ठभूमि में, पुणे के सम्मानित गणपति मंडलों के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार, 9 सितंबर को कश्मीर के गणेश मंडलों के कार्यकर्ताओं को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की मूर्तियां सौंपी गईं. पुणे के युवा उद्यमी पुनीत बालन और पुणे के प्रमुख गणेश मंडलों ने लगातार पांचवें वर्ष इस पहल की अगुवाई की है. इस वर्ष के गणेशोत्सव के लिए पुणे के प्रथम सम्मानित श्री कसबा गणपति, द्वितीय सम्मानित श्री तांबडी जोगेेशरी और तृतीय सम्मानित गणपति गुरुजी तालीम गणेश मंडल की मूर्तियां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कश्मीर के गणेश मंडलों के कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं. इन मूर्तियों को स्वीकार करने के लिए कश्मीर के गणेश मंडलों के पदाधिकारी मोहित भान, रिषभ चाकू, शिशंत चाकू, संदीप रैना, संजीव रैना, हितेश रैना और संदीप कौल उपस्थित थे. इस दौरान श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट के उत्सव प्रमुख और ट्रस्टी पुनीत बालन, अलंकार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उल्हास कदम, गुरुजी तालीम मंडल के प्रवीण परदेशी, तुलसीबाग मंडल के अध्यक्ष विकास पवार, तांबडी जोगेेशरी मंडल के प्रशांत टिकार और अखिल मंडई मंडल के सूरज थोरात आदि मौजूद थे.