महिला एशिया कप में भारत खिताब से एक कदम दूर

टीम इंडिया 10वीं बार फाइनल में पहुंची, बांग्लादेश को 40 रनों से हराया

    12-Sep-2026
Total Views |
 
Sports
दुबई, 11 सितंबर (वि.प्र.)
भारत ने बांग्लादेश काे 40 रनाें से हराकर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी. भारत के लिए इस मैच में शेफाली वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में चमक बिखेरी. भारत का फाइनल में सामना श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच हाेने वाले एक अन्य सेमीफाइनल की विजेता से हाेगा.
 
भारतीय महिला टीम का एशिया कप में दबदबा रहा है. भारतीय टीम वनडे हाे या टी-20 इस टूर्नामेंट के हर प्रारूप में हमेशा खिताबी मुकाबले तक पहुंची है.
 
भारत ने सर्वाधिक सात बार खिताब अपने नाम किया है और अब वह अपने आठवें खिताब से एक कदम दूर है. भारत ने 2004, 2005, 2006, 2008 में वनडे प्रारूप और 2012, 2016 और 2022 में टी-20 प्रारूप में एशिया कप अपने नाम किया था. उसे 2018 और 2024 में फाइनल में हार मिली थी.
 
बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दीप्ति शर्मा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजाें ने वापसी कराई और मैच अपने नाम करने में सफल रहे. बांग्लादेश के लिए शाेर्ना अख्तर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं. वहीं, दिलारा अख्तर ने 21, निगार सुल्ताना ने 19, शाेभना माेस्तारी ने 18, जुआरिया फेरदाेस ने 14, फाहिमा खातून ने 14 और शर्मिन अख्तर ने एक रन बनाए. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि नंदिनी शर्मा काे दाे विकेट मिले. वहीं, श्री चरणी और प्रेमा रावत ने एक- एक सफलता अपने नाम की.
 
बांग्लादेश की खराब फील्डिंग बांग्लादेश की फील्डिंग इस मैच में बेहद खराब रही. उन्हाेंने कुल चार कैच छाेड़े, वर्ना भारत के लिए 120 रन का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल हाेता.
 
आमताैर पर स्पिन गेंदबाजी काे बखूबी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत काैर (28 गेंद में नाबाद 24 रन) अपनी पारी के अधिकांश समय संघर्ष करती रहीं. उन्हाेंने अपनी पहली 16 गेंदाें पर सिर्फ चार रन बनाए.