जयपुर, 11 सितंबर (वि.प्र.)
राजस्थान में निकाय चुनाव में शुक्रवार काे भारी हंगामा और मारपीट की घटना हुई. कई स्थानाें पर बवाल हुआ. दाैसा में हाथापायी हाेने के कारण पुलिस बुलानी पड़ी. दाैसा जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार काे 5 निकायाें में मतदान हुआ, लेकिन सुबह से ही मतदान केंद्र अखाड़ा बने हुए थे. दाैसा नगर परिषद के दाे बूथाें और लालसाेट के वार्ड 10 में जमकर हंगामा हुआ. पुलिस काे बीच-बचाव के साथ हल्का बल प्रयाेग भी करना पड़ा.
दाैसा नगर परिषद के बूथ संख्या 79 पर कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा परिवार के साथ वाेट डालने पहुंचे. उनके मीडिया प्रभारी उमाशंकर भी परिवार सहित आए थे. इसी दाैरान भाजपा प्रत्याशी याेगेश शर्मा के बूथ एजेंट ने मीडिया प्रभारी की बेटी पर फर्जी वाेट डालने का आराेप लगा दिया.
देखते ही देखते याेगेश शर्मा और सांसद मुरारी लाल मीणा आमने-सामने हाे गए. याेगेश शर्मा ने कहा कि फर्जी मतदान किसी भी सूरत में नहीं हाेने देंगे. विवाद के कारण करीब 15-20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा. लाइन में लगे मतदाताओं ने भी नाराजगी जताई. सदर थाना इंचार्ज युधिष्ठिर ने माैके पर पहुंचकर मामला शांत कराया.इसके बाद सबसे बड़ा बवाल वार्ड 52 के जिला परिषद बूथ पर हुआ.