आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहना केवल एक आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है. इसी सोच को अग्रवाल समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘उंचाई’ संस्था निरंतर स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अग्र बंधुओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है. ऊंचाई संस्था की स्थापना लगभग चार वर्ष पूर्व संजय लखीचंद, संजय कुमार, विकास गुप्ता एवं संजय प्रिंस द्वारा की गई थी. संस्था द्वारा प्रत्येक माह स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से सदस्यों को स्वस्थ खान-पान, नियमित व्यायाम, योग, मानसिक स्वास्थ्य तथा जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाती हैं. संस्था का प्रयास है कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल किसी एक दिन या अवसर तक सीमित न रहे, बल्कि यह लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने. ऊंचाई की एक विशेष पहचान उसके एडवेंचर और प्रकृति से जुड़े कार्यक्रम भी हैं. संस्था द्वारा समय-समय पर ट्रेकिंग, पहाड़ी यात्राएं, झरनों और प्राकृतिक स्थलों की यात्राएं तथा अन्य साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं. इन गतिविधियों का उद्देश्य केवल रोमांच नहीं, बल्कि लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय बनाना, तनाव से दूर रखना और प्रकृति के करीब लाना भी है.
स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मन भी जरूरी ऊंचाई संस्था का मानना है कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ मन भी जरूरी है. इसी कारण संस्था की गतिविधियों में स्वास्थ्य, फिटनेस, आनंद, मित्रता और सकारात्मक सोच का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है. ‘ऊंचाई’ केवल एक संस्था का नाम नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ने और जीवन को बेहतर बनाने की सोच है. संस्था का संदेश स्पष्ट है- स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है और स्वस्थ जीवन ही वास्तविक उंचाई है.. राजीव अग्रवाल, सदस्य, ऊंचाइ