श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम‌’ में विराजमान

बांसुरीवादक पद्मविभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के हाथों विधि विधान से हुई प्राणप्रतिष्ठा

    15-Sep-2026
Total Views |
GVRFG
 
‘श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट‌’ के बाप्पा उत्साह और भक्तिमय माहौल में ‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम मंदिर‌’ में विराजमान हुए. वेिश प्रसिद्ध बांसुरी वादक पद्मविभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया जी के कर- कमलों द्वारा बाप्पा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई. उनका सम्मान जान्हवी धारीवाल बालन एवं पुनीत बालन के हाथों किया गया.  

बुधवार पेठ, 14 सितंबर (आ.प्र.)

 हिंदुस्तान का पहला सार्वजनिक गणेशोत्सव होने वाले ‌‘श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी सार्वजनिक गणेश ट्रस्ट‌’ के बाप्पा जल्लोष और भक्तिमय माहौल में ‌‘श्री गणेश सुवर्णधाम मंदिर‌’ में विराजमान हो गए हैं. जगप्रसिद्ध बांसुरीवादक पद्मविभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के हाथों दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब मंत्रोच्चार के बीच बाप्पा की प्राणप्रतिष्ठा की गई. उससे पहले, ढोल-ताशों के पथकों की गूंज के साथ धूमधाम से जुलूस निकाला गया. जुलूस के दौरान इंद्रधनुष के सप्तरंगों की बौछार और सात स्तर (थर) रचकर बाप्पा का किया गया भव्य स्वागत विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. इस आगमन जुलूस में हजारों भक्त शामिल हुए थे. परंपरा के अनुसार सुबह ट्रस्ट के उत्सव प्रमुख व ट्रस्टी पुनीत बालन और जान्हवी धारीवाल-बालन के हाथों रंगारी भवन में श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति बाप्पा की विधिपूर्वक पूजा व आरती हुई. उसके बाद आढाव बंधुओं का नगाड़ा वादन हुआ. इसके बाद आकर्षक फूलों और केले के पत्तों के खंभों से सजाए गए पारंपरिक रथ में बाप्पा के जुलूस की शुरुआत हुई. इस दौरान परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया था. रंगारी भवन से मुख्य जुलूस की शुरुआत हुई. श्री छत्रपति शिवाजी महाराज रोड से आगे बुधवार चौक, अप्पा बलवंत चौक और बाजीराव रास्ते से जुलूस शान से निकला. जुलूस में श्रीराम पथक, नादब्रह्म, ज्ञानप्रबोधिनी, आवर्तन, वाद्यवृंद, समर्थ व शंखनाद जैसे प्रसिद्ध ढोल-ताशा पथकों ने बेहतरीन वादन का नजराना पेश किया. जुलूस जैसे ही बुधवार चौक पहुंचा, वहां कसबा, पुणे दहीहंडी संघ के गोविंदाओं ने मानवीय मीनारें रचकर बाप्पा को अनुशासित और भक्तिमय माहौल में मानवंदना दी. इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं व भक्तों ने हवा में सप्तरंगों की बौछार की. ढोलों की ताल पर नाचते युवक-युवतियां, हवा में उड़ता बहुरंगी गुलाल व ‌‘गणपति बाप्पा मोरया‌’ के जयकारों से बुधवार चौक गूंज उठा. दोपहर साढ़े बारह बजे आगमन जुलूस श्री गणेश सुवर्णधाम मंदिर के सामने पहुंचने के बाद बाप्पा की मूर्ति को सुंदर और सुशोभित सिंहासन में विराजमान किया गया. प्रसिद्ध बांसुरीवादक पद्मविभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के हाथों बाप्पा की विधिपूर्वक प्राणप्रतिष्ठा की गई. इस दौरान उपस्थित हजारों भक्तों ने बाप्पा के दर्शन कर आरती का लाभ लिया. उसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के सचिव स्वामी गोविंदगिरी महाराज, सांसद सुप्रिया सुले आदि ने श्री गणेश सुवर्णधाम मंदिर में आकर श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति बाप्पा के दर्शन किए.
 
  सभी को सुख, शांति, स्वास्थ्य और धन संपदा प्राप्त होने की

 बाप्पा से प्रार्थना की श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति बाप्पा की आगमन यात्रा उत्साह के साथ संपन्न हुई. वरिष्ठ बांसुरीवादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया के हाथों गणराया की प्राणप्रतिष्ठा हुई. बाप्पा के आगमन से हमें बेहद आनंद हुआ है और अगले 12 दिनों तक यह ऐसे ही बना रहेगा. राज्य के सभी विघ्न दूर करो और भरपूर बारिश होकर हर तरफ आनंद ही आनंद हो, सभी को सुख, शांति, स्वास्थ्य, धन-संपदा प्राप्त हो. यह प्रार्थना हमने बप्पा से की है. - पुनीत बालन, उत्सवप्रमुख और ट्रस्टी, श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट
 
हिंदुस्तान के पहले गणपति बाप्पा की प्राणप्रतिष्ठा करने का परम सौभाग्य मिला
आज महाराष्ट्र आकर हिंदुस्तान के पहले गणपति बाप्पा की प्राणप्रतिष्ठा करने का परम सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ, इसलिए मैं खुद को बहुत भाग्यशाली समझता हूं इस पवित्र समारोह में शामिल होना मेरे पूर्व कर्मों का फल है. बाप्पा के चरणों में मैं यही प्रार्थना करता हूं कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त हो. - पद्मविभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया, (वरिष्ठ बांसुरीवादक)  
 
GVRFG
 
 
  श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट के गणेशोत्सव के दौरान प्रसिद्ध आध्यात्मिक प्रणेता, प्रवचनकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव श्री गोविंदगिरी महाराज ने बाप्पा के दर्शन कर आरती की, जिसके बाद ट्रस्ट की ओर से उनका सम्मान किया गया.