इंफाल, 16 सितंबर (वि.प्र./वार्ता)
मणिपुर के तामेंगलाेंग जिले के लीसांगफाई गांव में मंगलवार काे दाे कुकी महिलाओं की गाेली मारकर हत्या कर दी गई. इसके अलावा कई फार्महाउसाें में आग लगा दी गई.
राज्य सरकार ने विधानसभा में बताया था कि 3 मई 2023 काे जातीय हिंसा शुरू हाेने के बाद अगस्त तक कम से कम 306 लाेगाें की माैत हुई है, जबकि 49 लाेग अब भी लापता हैं. मृतकाें की पहचान किमजालहाई सिंगसाेंग और फलनैचाेंग सितल्हाे के रूप में हुई है. दाेनाें इसी गांव की रहने वाली थीं. फलनैचाेंग खेत में लकड़ियां बटाेर रही थीं, तभी उन्हें गाेली मार दी गई. वहीं, नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद किमजालहाई हाल ही में गांव लाैटी थीं और माता-पिता की खेती में मदद कर रही थीं. इससे तीन दिन पहले, 13 सितंबर काे तामेंगलाेंग के टाेलेन और नाेनी के लाेंगपी गांव में अलग-अलग घटनाओं में 4 कुकी लाेगाें की हत्या हुई थी. इनमें एक दंपती भी शामिल था.
इस साल फरवरी में नागा और कुकी समुदायाें के बीच शुरू हुए नए संघर्ष में अब तक दाेनाें पक्षाें के कम से कम 40 लाेगाें की माैत हाे चुकी है.