अमिता सारभाई ने प. रेलवे के प्रमुख वित्तीय सलाहकार का पदभार संभाला

    18-Sep-2026
Total Views |
frdwg

मुंबई, 17 सितंबर (आज का आनंद न्यूज)

भारतीय रेल लेखा सेवा (आईआरएएस) के 1992 बैच की वरिष्ठ अधिकारी अमिता प्रसाद सारभाई ने पश्चिम रेलवे के प्रमुख वित्तीय सलाहकार के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अमिता प्रसाद सारभाई को सार्वजनिक वित्त, वित्तीय प्रशासन, परियोजना वित्त, नीति निर्माण और अंतर-मंत्रालयी समन्वय के क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों का व्यापक अनुभव प्राप्त है. अपने करियर के दौरान सारभाई ने भारतीय रेल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. उन्होंने मुंबई सेंट्रल (पश्चिम रेलवे) तथा दिल्ली (उत्तर रेलवे) मंडलों के अलावा आईआरपीएमयू (एनसीआर) और बेंगलुरु (एसडब्लूआर) स्थित निर्माण व परियोजना इकाइयों में अपनी सेवाएं दी हैं. इसके अतिरिक्त उन्होंने डीएफसीसीआईएल में ग्रुप जनरल मैनेजर (वित्त) के पद पर भी कार्य किया है. संस्कृति मंत्रालय में सात वर्षों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने संयुक्त सचिव और अपर सचिव के स्तर पर अपनी सेवाएं दीं, जिसमें 3 वर्षों तक मुख्य सतर्कता अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी शामिल था. इस दौरान उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव, कला संस्कृति विकास योजना के नीति निर्माण, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर यूनेस्को समिति की 20वीं बैठक के समन्वय और कई राष्ट्रीय व वीवीआईपी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन किया. दिल्ली वेिशविद्यालय के मिरांडा हाउस से इतिहास (ऑनर्स) में स्नातक श्रीमती सारभाई को यूके की प्रतिष्ठित द चेवनिंग गुरुकुल फेलोशिप फॉर लीडरशिप एंड एक्सीलेंस और रेल मंत्रालय के महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है. रणनीतिक वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय में उनका यह विशाल अनुभव पश्चिम रेलवे के सुचारू संचालन में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा.