दगडूसेठ गणपति को 251 किलो ‘मोदक केक’ अर्पित
विशाल मोतीचूर लड्डू का महाभोग लगाकर श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
19-Sep-2026
Total Views |
बुधवार पेठ, 18 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई गणपति को कुल 251 किलो का मोदक केक और एक विशाल मोतीचूर लड्डू का महाभोग अर्पित किया गया है. ‘डब्ल्यू एस बेकर्स’ की ओर से रसमलाई मोदक केक और ‘प्रभात फरसाण’ तथा ‘दीपक केटरर्स’ की तरफ से विशाल मोतीचूर लड्डू उत्सव मंडप में लाया गया था. उत्सव मंडप में यह नैवेद्य (भोग) एक ट्रॉली पर रखकर लाया गया. नैवेद्य अर्पित करने के बाद इसे प्रसाद के रूप में गणेश भक्तों में बांटा गया. डब्ल्यू एस बेकर्स की ओर से भगवान गणेश के चरणों में 251 किलो का रसमलाई फ्लेवर का केक अर्पित किया गया. इस दौरान डब्ल्यू एस बेकर्स के निदेशक विकास अग्रवाल उपस्थित थे. इस केक को तैयार करने में 40 से 50 लोगों की टीम काम कर रही थी. दीपक प्रभुदास मालानी और निखिल प्रभुदास मालानी की ओर से प्रभात फरसाण और दीपक केटरर्स के माध्यम से बप्पा को एक विशाल मोतीचूर का लड्डू अर्पित किया गया. यह लड्डू इतना भारी था कि इसे मंडप तक लाने के लिए फोर्कलिफ्ट गाड़ी का सहारा लेना पड़ा. मालानी परिवार पिछले 26 वर्षों से यह सेवा कर रहा है, जिसकी शुरुआत 5 किलो के मोतीचूर के लड्डू से हुई थी.