पाषाण, 18 सितंबर (आ.प्र.) पाषाण स्थित सीएसआईआर- एनसीएल द्वारा संचालित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) को भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार हिंदी दिवस समारोह एवं छठें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान 15 सितंबर को सिडको प्रदर्शन केंद्र, वाशी, नवी मुंबई में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया. यह समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया. सीएसआईआर-एनसीएल की ओर से यह पुरस्कार प्रशासनिक नियंत्रक कनिका गोयल तथा वरिष्ठ हिंदी अधिकारी डॉ. स्वाति चढ्ढा ने ग्रहण किया. यह सम्मान राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में ‘नराकास’ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना के रूप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.