मुंबई, 18 सितंबर (वि.प्र.) रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार पश्चिम रेलवे में राजभाषा के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से 7 सितंबर से 23 सितंबर, 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान रेलकर्मियों को राजभाषा में काम करने को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताएं, कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में 17 सितंबर, 2026 को पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय भवन परिसर में राजभाषा प्रदर्शनी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. सर्वप्रथम पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी विनोद कुमार द्वारा महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. महाप्रबंधक द्वारा राजभाषा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया. इस राजभाषा प्रदर्शनी में सभी विभागों में हिंदी में किए जा रहे कार्यों को बड़े ही अच्छे ढंग से प्रदर्शित किया गया. महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया. तत्पश्चात रेल कर्मियों द्वारा हिंदी की महत्ता को दर्शाने वाला एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया. इस नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि हिंदी भारत की ऐसी समावेशी भाषा है, जिसमें देश की विभिन्न क्षेत्रीय एवं भारतीय भाषाएँ माणिक-मोती के समान जड़ित ह्ैं. हिंदी इन भाषाओं की विविधता को आत्मसात करते हुए देश की भाषायी एकता और सांस्कृतिक समृद्धि को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक, सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सुनीता अहिरे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ्.