पुणे काे अधिक समावेशी बनाने का प्रयास
मनपा 50 सार्वजनिक स्थानों पर दिव्यांगों, बुजुर्गों के लिए बनाएगी रैंप
02-Sep-2026
Total Views |
शिवाजीनगर, 1 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शहर के सार्वजनिक स्थानों को दिव्यांगों, बुजुर्गों तथा आवागमन में कठिनाई का सामना करने वाले नागरिकों के लिए अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से पुणे मनपा और RampMyCity के बीच समझौता किया गया है. ‘बिल्डिंग अ पर्पल पुणे’ की संकल्पना के तहत शुरू किए जा रहे इस उपक्रम के पहले चरण में शहर के 50 सार्वजनिक स्थानों पर व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले लोगों के लिए रैंप बनाए जाएंगे. इस उपक्रम के लिए बजाज फाइनेंस के सीएसआर कोष से सहयोग मिलेगा. मनपा कार्यालयों, सांस्कृतिक स्थलों, उद्यानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रैंप बनाए जाने से व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले लोगों को आसानी से प्रवेश मिल सकेगा. इसके साथ ही बुजुर्गों और चलने-फिरने में कठिनाई वाले नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा. मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा कि सार्वजनिक बुनियादी सुविधाओं का विकास करते समय दिव्यांग व्यक्तियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखना आवश्यक है. इस उपक्रम से शहर के अनेक सार्वजनिक स्थान अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी. अतिरिक्त मनपा आयुक्त पवनीत कौर ने कहा कि दिव्यांगों के लिए सार्वजनिक स्थानों को सुगम बनाना समावेशी पुणे के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. भविष्य में शहर के और अधिक स्थानों पर ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. बजाज फाइनेंस सीएसआर की राष्ट्रीय प्रमुख डॉ. अमनप्रीत कौर ने कहा कि उचित सुविधाएं उपलब्ध होने से दिव्यांग व्यक्ति दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर होकर आवागमन कर सकते हैं.