पुणे, 1 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
भारतीय हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस की पृष्ठभूमि में पुणे ग्रामीण पुलिस की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक एवं मानसिक तंदुरुस्ती के लिए तीन दिवसीय खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. 28 से 30 अगस्त के दौरान ‘एक घंटा मैदान में’ और‘संडे ऑन साइकिल’अभियान चलाए गए. पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल की अध्यक्षता में तथा पुलिस उपाधीक्षक (गृह) अविनाश शिलीमकर और रिजर्व पुलिस निरीक्षक रवींद्र कोली की उपस्थिति में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए. 28 अगस्त को पाषाण रोड स्थित कवायद मैदान में सुबह सात से आठ बजे तक स्ट्रेचिंग, वॉकिंग, रनिंग और विभिन्न शारीरिक व्यायाम कराए गए. इस दौरान 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं.29 अगस्त को भी स्ट्रेचिंग, वॉकिंग, रनिंग और शारीरिक व्यायाम कराया गया. इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों के लिए नींबू-चम्मच प्रतियोगिता और जुंबा डांस का आयोजन किया गया. साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम, रिक्रूट पुलिस कॉन्स्टेबल और अन्य शाखाओं के पुलिस कर्मचारियों के बीच फुटबॉल मैच भी खेला गया. इस बीच, 30 अगस्त को “Sunday on Cycle’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से पाषाण तक करीब पांच किलोमीटर साइकिलिंग की गई. इस अभियान में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों तथा साइकिल प्रेमियों सहित कुल 64 साइकिल सवारों ने भाग लिया. पुलिस उपाधीक्षक अविनाश शिलीमकर ने सहभागी साइकिल सवारों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ‘एक घंटा मैदान में’ और ‘संडे ऑन साइकिल’केवल एक अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए. नियमित खेल और व्यायाम से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक तनाव कम होता है और आत्मवेिशास बढ़ता है, ऐसा भी उन्होंने कहा. भारत सरकार के खेल मंत्रालय की पहल के अनुरूप आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.