देहूराेड, 21 सितंबर (आ.प्र.)
पारिवारिक विवाद के कारण पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पति ने खुद पर भी वार किए और दूसरी मंजिल की गैलरी से नीचे छलांग लगा दी. देहूगांव स्थित ओंकार साेसायटी में रविवार (20 सितंबर) तड़के पाैने 6 बजे के आसपास यह घटना सामने आई. मृत महिला का नाम शुभांगी आकाश बारस्कर (उम्र-28 वर्ष, निवासी ओंकार हाउसिंग साेसायटी, देहूगांव, तहसील हवेली, जिला पुणे) है. उसका पति आकाश रामदास बारस्कर (उम्र-26 वर्ष, पेशा आईटी कंपनी, निवासी ओंकार साेसायटी, देहूगांव) गंभीर रूप से घायल हाे गया है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. मामले में सतीश मारुति काईत (उम्र-56 वर्ष, निवासी बागणी, तहसील वालवा, जिला सांगली) ने देहूराेड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम बनसाेड़े द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के छह बजे के आसपास गश्त कर रही पुलिस काे देहूगांव स्थित ओंकार साेसायटी परिसर में एक व्यक्ति के साथ मारपीट हाेने की सूचना मिली. इसके अनुसार पुलिस माैके पर पहुंची. तब मकान मालिक प्रकाश रामचंद्र राउत के यहां किराए से रहने वाला आकाश बारस्कर सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला. उसकी पत्नी शुभांगी दूसरी मंजिल के कमरे में गंभीर रूप से घायल और बेहाेश अवस्था में पाई गई.
पुलिस ने दाेनाें काे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, डाॅक्टराें ने जांच के बाद शुभांगी काे मृत घाेषित कर दिया. वहीं, खबर लिखे जाने तक आकाश का इलाज जारी है. आकाश और शुभांगी की शादी दिसंबर 2023 में हुई थी. पिछले चार से पांच महीनाें से दाेनाें ओंकार साेसायटी में किराए पर रह रहे थे. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले करीब एक साल से दाेनाें के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस ने प्राथमिक संदेह व्यक्त किया है कि इसी विवाद के चलते आकाश ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे माैत के घाट उतार दिया.