‘श्री विघ्नहर्ता रथ‌’ पर सवार होंगे भाऊसाहेब रंगारी गणपति

कल सुबह 8 बजे बप्पा करेंगे प्रस्थान : शाम 6 बजे मंडई के तिलक पुतले से शुरु होगी विसर्जन यात्रा

    24-Sep-2026
Total Views |
 
gr
बुधवार पेठ, 23 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

गणेशोत्सव के समापन समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट की ओर से अनंत चतुर्दशी के दिन आयोजित होने वाले श्री गणेश विसर्जन जुलूस की रूपरेखा घोषित कर दी गई है. सुबह सुवर्णगणेश धाम में पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद रथ से मंडई स्थित तिलक प्रतिमा (पुतले) की ओर प्रस्थान होगा. इसके बाद शाम 6 बजे मंडई से विसर्जन जुलूस की शुरुआत होगी. उत्सव प्रमुख और ट्रस्टी पुनीत बालन ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन सुबह 7:30 बजे ‌‘श्री सुवर्णगणेश धाम‌’ में बप्पा की अनंत चतुर्दशी पूजा संपन्न होगी. आलंदी देवस्थान के मुख्य ट्रस्टी डॉ. भावार्थ देखणे और जोन 1 के पुलिस उपायुक्त ऋषिकेश रावले पूजा विधि में शामिल होंगे. पूजा के बाद सुबह 8 बजे श्री गणेश जी की मूर्ति ‌‘श्री विघ्नहर्ता रथ‌’ में सवार होकर सुवर्णगणेश धाम से मंडई स्थित तिलक पुतले की ओर विसर्जन यात्रा के लिए रवाना होगी. सम्मान के पांचों गणपति को पुष्पहार करेंगे अर्पित : पुणे के गणेशोत्सव की प्रथा और परंपरा के अनुसार, तिलक पुतला पर श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट की ओर से सम्मान के पांचों गणपतियों को पुष्पहार अर्पित किए जाएंगे. सम्मान के गणपतियों का विसर्जन पूरा होने के बाद, पुलिस प्रशासन द्वारा तय किए गए समय के अनुसार शाम 6 बजे मंडई से भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट की विसर्जन शोभायात्रा की शुरुआत होगी.
 
पर्यावरण-अनुकूल तरीके से बप्पा को विदाई देने की जिम्मेदारी

पुणे के गणेशोत्सव की समृद्ध परंपरा और संस्कृति को बनाए रखते हुए इस वर्ष का विसर्जन समारोह भक्ति भाव और उत्साह के साथ संपन्न हो, इसके लिए हमारे निरंतर प्रयास हैं. गणेश भक्त बड़ी संख्या में शामिल हों, लेकिन साथ ही जुलूस में अनुशासन और शांति बनाए रखें. पर्यावरण का ध्यान रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल तरीके से बप्पा को विदाई देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. सभी गणेश भक्त प्रशासन का सहयोग करें और भक्तिमय वातावरण में गणेशोत्सव का समापन करें. - पुनीत बालन उत्सव प्रमुख एवं ट्रस्टी, श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट  
 

dsfgr