शिवाजीनगर, 23 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा नागपुर स्थित ‘जेआईटी’ कॉलेज के दौरे के दौरान ‘फ्यूल स्किलटेक एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी’ (एफएसयू) के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया. इसी अवसर पर जेआईटी और ‘फ्यूल’ के बीच कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. नागपुर स्थित जेआईटी कॉलेज में ‘फ्यूल’ द्वारा सीएसआर पहल के तहत ‘एडब्ल्यूएस क्लाउड स्किल ट्रेनिंग’ आयोजित की जाती है. इस पहल के निरीक्षण और दौरे के दौरान एफएसयू के आधिकारिक लोगो का लोकार्पण हुआ. यह लोगो कौशल, नवाचार और नए उद्यमियों का प्रतीक है, जो वेिशविद्यालय की सभी शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों की पहचान बनेगा. युवाओं के लिए भविष्योन्मुखी शिक्षा और कौशल विकास को अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से जेआईटी और फ्यूल के बीच सहयोग का यह समझौता किया गया. इस अवसर पर ‘एसएससीटी’ के अध्यक्ष महेश साधवानी, सचिव वीरेंद्र कुकरेजा और ‘फ्यूल’ के अध्यक्ष डॉ. केतन देशपांडे उपस्थित थे.