आंबेगांव पुलिस के गणेश विसर्जन जुलूस में ‘बाल वारकरी’ बने आकर्षण का केंद्र
ताल-मृदंग की संगत में हरिनाम का जयघोष, पारंपरिक बैलगाड़ी में विराजमान हुए श्रीगणेश
26-Sep-2026
Total Views |
आंबेगांव, 24 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) गणेशोत्सव में डीजे बजाने को लेकर चर्चा के बीच आंबेगांव पुलिस ने एक अनुकरणीय पहल की. गणेश विसर्जन शोभायात्रा में आलंदी से आए बाल वारकरी दल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. ताल-मृदंग की संगत में हरिनाम का जयघोष करते हुए बाल वारकरियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं और उपस्थित नागरिकों का मन जीत लिया. गणेश विसर्जन शोभायात्रा में फिल्मी गीतों पर युवाओं के नाचने की परंपरा बन गई है. इन सबसे अलग हटकर शोभायात्रा को आदर्श और पारंपरिक तरीके से आयोजित करने का विचार वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शरद झिने का था. इसी उद्देश्य से विसर्जन शोभायात्रा के लिए विशेष रूप से आलंदी से बाल वारकरी दल बुलाए गए थे.शोभायात्रा की शुरुआत में बाल वारकरी ताल-मृदंग लेकर हरिनाम का जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे. इसके साथ ही पारंपरिक वाद्य ढोल- ताशा भी बजाए जा रहे थे. विशेष रूप से सजाई गई बैलगाड़ी में श्रीगणेश की प्रतिमा विराजमान की गई थी.यह शोभायात्रा आंबेगांव पुलिस थाने से शनिनगर चौक, टेल्को कॉलोनी चौक, फिर जांभुळवाड़ी रोड होते हुए जांभुलवाड़ी तालाब तक निकाली गई. पारंपरिक स्वरूप में आयोजित इस शोभायात्रा ने रास्ते में मौजूद नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया. शोभायात्रा में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शरद झिने, पुलिस निरीक्षक (अपराध) चांगदेव सजगणे, सहायक पुलिस निरीक्षक भोजलिंग दोडमिसे, फिरोज मुलानी, महेश नाईकवाड़ी, स्वाति देवधर, अेिशनी पाटिल, प्रियंका गोरे, पुलिस उपनिरीक्षक युवराज शिंदे, मारुति वाघमारे, नीतिराज थोरात, लक्ष्मण डोईफोडे और सुनीता काकुर्ले सहित पुलिसकर्मी शामिल हुए. इसके अलावा महिला दक्षता समिति के सदस्य, मोहल्ला समिति के सदस्य, अल्पसंख्यक समिति के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक भी शोभायात्रा में सहभागी हुए.