बुधवार पेठ, 24 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) संयम रखें, नशे से दूर रहें, सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ें..., स्क्रीन में मत खोइए, असली दुनिया से मत कटिए... ऐसे संदेश देने वाले पोस्टर/बैनर इस वर्ष के गणेशोत्सव में पुणे और आसपास के लगभग 100 गणेशोत्सव मंडलों ने लगाए हैं. मंडपों और आसपास के परिसर में यह पोस्टर लगाकर गणेशोत्सव के दौरान व्यसनमुक्ती (नशाबंदी) का एक जन-आंदोलन खड़ा किया गया है. जय गणेश व्यासपीठ, श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और ताराचंद रामनाथ सेवा ट्रस्ट के सहयोग से यह पहल शुरू की गई है. इसमें नंदकुमार राठी, सुनील रासने, महेश सूर्यवंशी, शिरीष मोहिते और पीयूष शाह सहित कई लोगों ने प्रमुख भूमिका निभाई. नशीले पदार्थों के साथ-साथ मोबाइल और स्क्रीन टाइम का अत्यधिक प्रयोग भी लगातार बढ़ रहा है. इस विषय पर जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है. गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पुणे आते हैं. इसलिए, इस गंभीर विषय पर जनजागरूकता हो सके, इसके लिए उपनगरों की गणेश मंडलों ने भी आगे आकर पहल की है. श्री कसबा गणपति मंडल, सुवर्णयुग तरुण मंडल, शनि मारुति बाल गणेश मंडल, साईनाथ मंडल ट्रस्ट, संयुक्त प्रसाद मंडल, राष्ट्रीय साततोटी मंडल, शनिवार पेठ मेहुणपुरा मंडल, एकता मित्र मंडल, सहकार मित्र मंडल, साखलीपीर तालीम मंडल, नवज्योत मित्र मंडल (येरवड़ा) के साथ-साथ पुणे शहर के सभी पेठों, कैम्प, हड़पसर, कर्वे रोड, भांडारकर रोड, कात्रज, सहकारनगर, सिंहगढ़ रोड, कोंढवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के मंडलों ने इस अभियान में भाग लिया है और कई मंडलों ने जनजागरू कता के बैनर व पोस्टर लगाए हैं.