डेक्कन, 26 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) श्रीमंत दगडूसेठगणपति की जय..., मोरया-मोरया..., जय गणेश... और गणपति बप्पा मोरया... के जयघोष से गूंजते वातावरण और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में ‘दगडूसेठ’ गणपति बप्पा की ‘श्री वक्रतुंड रथ’ से भव्य एवं वैभवशाली विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई. लगातार चौथे वर्ष दोपहर 4 बजे बेलबाग चौक से विसर्जन शोभायात्रा शुरू हुई्. अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार(25 सितंबर) रात 8 बजकर 25 मिनट पर पांचालेेशर घाट पर बनाए गए कुंड में मूर्ति का विसर्जन कर बप्पा को विदाई दी गई. श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से उत्सव के 134वें वर्ष के अवसर पर आयोजित गणेशोत्सव की विसर्जन शोभायात्रा अनंत चतुर्दशी के दिन बड़े उत्साह और धूमधाम से निकाली गई. इस वर्ष ‘श्री वक्रतुंड रथ’ की सजावट गणेशोत्सव की झांकी की प्रतिकृति के रूप में बनाए गए वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर की गई थी. शोभायात्रा में रथ के आगे जय गणेश नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता फैलाने वाला ‘मानवसेवा रथ’ सबसे आगे था. इसमें विनायक और रोहन देवलणकर का चौघड़ा तथा प्रमोद गायकवाड़ का शहनाई वादन हुआ. इसके साथ ही स्वरूपवर्धिनी का दस्ता, प्रभात बैंड, दरबार बैंड और केरल का चेंडा मेलम दस्ता सहित विभिन्न वाद्य दल शामिल थे शाम 7.30 बजे मुख्य विसर्जन रथ के तिलक चौक पहुंचते ही इस विशेष क्षण को अपनी आंखों में बसाने के लिए गणेश भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के हाथों श्रीगणेश की आरती की गई. पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने इस अवसर पर रथ का सारथी बनकर उसे चलाया भी. विसर्जन शोभायात्रा में पुरुष श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में महिला गणेश भक्त भी शामिल हुईं.
दगडूशेठ की पूरी विसर्जन यात्रा का लाइव प्रसारण
श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति के गणेशोत्सव की समापन शोभायात्रा दुनिया भर के गणेश भक्त देख सकें, इसके लिए ट्रस्ट की ओर से इस वर्ष विसर्जन यात्रा का सीधा प्रसारण किया गया. ट्रस्ट के यूट्यूब पेज सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर के लाखों गणेश भक्तों ने घर बैठे इस शोभायात्रा का आनंद लिया.