‌‘भाऊसाहेब रंगारी गणपति‌’को दी भावपूर्ण विदाई

विद्युत रोशनी और पुष्पवर्षा ने शोभायात्रा को बनाया आकर्षक; हजारों श्रद्धालु बप्पा के दर्शन के लिए उमड़े

    27-Sep-2026
Total Views |

vfsv
पुणे, 26 सितंबर (आ.प्र.)

आकर्षक कलाकारी से सजे विघ्नहर्ता बप्पा के रथ, उस पर की गई कोल्ड फायर की विद्युत रोशनी, शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह की गई पुष्पवर्षा, ढोल-ताशों की गूंज और ‌‘मोरया-मोरया‌’ के जयघोष के बीच हिंदुस्तान के पहले सार्वजनिक गणपति श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति बप्पा को शनिवार (26 सितंबर) तड़के 4 बजे भावपूर्ण वातावरण में विदाई दी गई. इस दौरान हजारों श्रद्धालु विसर्जन शोभायात्रा के मार्ग पर बप्पा के दर्शन के लिए उपस्थित थे. अनंत चतुर्दशी शुक्रवार सुबह 7.30 बजे आलंदी देवस्थान के प्रमुख वेिशस्त डॉ. भावार्थ देखणे और पुलिस उपायुक्त कृषिकेश रावले के हाथों बप्पा की पूजा- आरती की गई. इसके बाद सुबह 8 बजे श्री गणेश सुवर्णधाम मंदिर से बप्पा को विराजमान कर श्री विघ्नहर्ता रथ विसर्जन शोभायात्रा के लिए मंडई स्थित तिलक प्रतिमा की ओर रवाना हुआ. तिलक प्रतिमा के पास परंपरा के अनुसार श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी ट्रस्ट की ओर से उत्सव प्रमुख एवं वेिशस्त पुनीत बालन के हाथों सम्मान के पांचों गणपतियों को पुष्पहार अर्पित किए गए. इसके बाद रात 9 बजे श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति की विसर्जन शोभायात्रा शुरू हुई. ट्रस्ट के उत्सव प्रमुख पुनीत बालन ने ‌‘श्री विघ्नहर्ता रथ‌’ का नेतृत्व किया. रात पौने 10 बजे रंगारी बप्पा के रथ का बेलबाग चौक में आगमन हुआ. शोभायात्रा में सबसे आगे श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी की प्रतिमा और उस पर नगाड़ा था. इसके पीछे शिवयोद्धा मर्दानी अखाड़ा की ओर से रोमांचक मर्दानी खेलों का प्रदर्शन किया गया. युवा वाद्य पथक, श्रीराम और रमणबाग के ढोल पथकों से उत्साह और बढ़ गया. विसर्जन शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा रथ पर पुष्पवर्षा की जा रही थी. वहीं रथ पर की जा रही कोल्ड फायर की विद्युत आतिशबाजी ने शोभायात्रा को श्रद्धालुओं के लिए बेहद आकर्षक बना दिया. तड़के करीब 3.30 बजे ‌‘श्री विघ्नहर्ता रथ‌’ का तिलक चौक में आगमन हुआ. इस दौरान रंगारी बप्पा के दर्शन के लिए मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने ‌‘मोरया-मोरया‌’ का एक साथ जयघोष किया.  
 
शांतिपूर्ण गणेशोत्सव के लिए सभी के सहयोग के लिए हृदय से आभार : पुनीत बालन

श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी ट्रस्ट के गणपति बप्पा की विसर्जन शोभायात्रा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुई. पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए समय पर विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होने के लिए हम तैयार थे, लेकिन कुछ कारणों से देर हुई. पुलिस की अनुमति मिलने के बाद हम लक्ष्मी रोड की विसर्जन शोभायात्रा में शामिल हुए्‌‍. कम से कम समय में शोभायात्रा समाप्त करने का प्रयास किया. अब बप्पा को विदाई देने के बाद निश्चित रूप से दुख हो रहा है. हालांकि, अगले वर्ष के गणेशोत्सव के लिए नई कल्पनाओं के साथ हम तुरंत तैयारी शुरू करेंगे. पूरे गणेशोत्सव को उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन, मनपा, मंडल के पदाधिकारियों और सभी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सहयोग के लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हू्‌ं‍.  
 

vfsv