प्रश्न : लंबे समय तक रहने वाले दर्द को क्रॉनिक पेन कब कहा जाता है?
उत्तर: जब दर्द लंबे समय तक बना रहता है या बार-बार लौटता है और व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी, नींद, कामकाज या चलने-फिरने को प्रभावित करने लगता है, तो उसे क्रॉनिक पेन की श्रेणी में देखा जाता है. ऐसे दर्द का केवल अस्थायी रूप से दबना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके मूल कारण को समझना जरूरी है.
प्रश्न : क्या हर पुराना दर्द उम्र बढ़ने का सामान्य हिस्सा है?
उत्तर: नहीं, उम्र बढ़ने के साथ कुछ शारीरिक बदलाव जरूर होते हैं, लेकिन लगातार दर्द को केवल उम्र का परिणाम मानकर सहते रहना उचित नहीं है. दर्द के पीछे नस, मांसपेशी, जोड़, रीढ़, सूजन या अन्य कारण हो सकते हैं. सही मूल्यांकन से कारण का पता लगाने में मदद मिल सकती है.
प्रश्न : पेन स्पेशलिस्ट की भूमिका क्या होती है?
उत्तर: पेन स्पेशलिस्टकेवल यह नहीं देखते कि दर्द कहां हो रहा है, बल्कि यह समझने का प्रयास करते हैं कि दर्द का स्रोत क्या है. मरीज के लक्षण, चिकित्सकीय इतिहास, शारीरिक जांच और आवश्यक जांचों के आधार पर उपचार की दिशा तय की जाती है.
प्रश्न : किन-किन प्रकार के दर्द में पेन स्पेशलिस्ट से सलाह ली जा सकती है?
उत्तर: लंबे समय से रहने वाला कमर और गर्दन का दर्द, स्लिप डिस्क, सायटिका, नसों का दर्द, घुटनों और अन्य जोड़ों का दर्द, फ्रोजन शोल्डर, मांसपेशियों का दर्द, मायोफेशियल पेन, टेनिस एल्बो, एड़ी और तलवे का दर्द यानी प्लांटर फैशियाइटिस, ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया, डायबिटिक न्यूरोपैथी, पोस्ट-हर्पेटिक न्यूराल्जिया, सीआरपीएस, ऑपरेशन के बाद बना रहने वाला दर्द, कैंसर से जुड़ा दर्द और क्रॉनिक पेल्विक पेन जैसी कई स्थितियों में पेन स्पेशलिस्ट की सलाह ली जा सकती है.
प्रश्न : क्या हर मरीज को इंजेक्शन या किसी इंटरवेंशनल प्रक्रिया की जरूरत होती है?
उत्तर: नहीं, हर मरीज का इलाज उसकी स्थिति और दर्द के कारण के अनुसार अलग होता है. कई मरीजों को उचित दवाइयों और अन्य गैर-आक्रामक उपचारों से लाभ हो सकता है. कुछ चुनिंदा मरीजों में नर्व ब्लॉक, एपिड्यूरल इंजेक्शन, रेडियोफ्रीक्वेंसी उपचार, ट्रिगर पॉइंट उपचार या अल्ट्रासाउंड-गाइडेड ड्राय नीडलिंग जैसी इंटरवेंशनल प्रक्रियाओं की आवश्यकता पड़ सकती है.
प्रश्न : मरीज को पेन स्पेशलिस्ट से कब संपर्क करना चाहिए?
उत्तर: यदि दर्द कई हफ्तों से बना हुआ है, बार-बार लौटता है, नींद या काम को प्रभावित कर रहा है, चलने-फिरने में परेशानी हो रही है या कई उपचारों के बावजूद पर्याप्त आराम नहीं मिल रहा है, तो झरळप डशिलळरश्रळीीं से सलाह लेना उचित हो सकता है.
प्रश्न : क्या लंबे समय तक दर्द रहने से मानसिक और सामाजिक जीवन भी प्रभावित हो सकता है?
उत्तर: लंबे समय तक रहने वाला दर्द व्यक्ति की नींद, दैनिक गतिविधियों, कामकाज और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर सकता है. इसलिए क्रॉनिक पेन के उपचार में केवल दर्द की तीव्रता कम करना ही नहीं, बल्कि मरीज की समग्र कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता में सुधार पर भी ध्यान देना महत्वपूर्ण है.
प्रश्न : पेन अवेयरनेस माह के अवसर पर लोगों को आपका क्या संदेश है?
उत्तर: लंबे समय से दर्द में रहने वाले व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि दर्द को हमेशा सहते रहना जरूरी नहीं है. दर्द के कारण का सही मूल्यांकन और उचित उपचार के विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं. इसलिए दर्द को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना चाहिए.