कोथरूड-बावधन में ‌‘स्वच्छता ही सेवा‌’ अभियान

बाजारों, सोसायटियों और दुकानदारों की भागीदारी : कचरा पृथक्करण के साथ जनजागरण पर जोर

    28-Sep-2026
Total Views |

vfsr 
कोथरूड, 27 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

कोथरूड-बावधन क्षेत्रीय कार्यालय के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‌‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026-27‌’ चलाया जा रहा है. प्रभाग क्रमांक 10, 11 और 31 के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों, सोसायटियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं. सब्जी मंडियों, साप्ताहिक बाजारों, हाथगाड़ी और फुटपाथ विक्रेताओं, होटल, चाय-नाश्ता केंद्र, सैलून, चिकित्सालय, क्लीनिक, मंगल कार्यालयों तथा सोसायटियों में ‌‘अब दो नहीं चार‌’ अभियान के तहत गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू खतरनाक कचरा और सैनिटरी कचरा, इन चार श्रेणियों में कचरे का अलगीकरण करने की अपील की. प्लास्टिक मुक्त बाजार, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और न थूकने, पानी का संयमित उपयोग तथा सार्वजनिक परिसरों को स्वच्छ रखने के संबंध में भी जनजागरण किया गया. गणेशोत्सव के बाद घाटों, नदी किनारों और विसर्जन केंद्रों पर निर्माल्य संकलन तथा कंपोस्ट निर्माण के बारे में जानकारी दी गई. ‌‘कचरे से उपयोगी वस्तु‌’ अभियान के अंतर्गत पुराने कपड़े, पुस्तकें, खिलौने और विद्युत उपकरणों के संकलन, पुनः उपयोग तथा पुनर्चक्रण के संबंध में भी प्रदर्शन किए गए. उपायुक्त संतोष वारुले, अविनाश सकपाल और सहायक आयुक्त सुहास जाधव के मार्गदर्शन में वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक राम सोनवणे के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है. मुकादम वैजीनाथ गायकवाड़, अण्णा ढावरे, अशोक कांबले, महेश पाचकुड़वे, संजय कांबले और संजय ढावरे ने अभियान के लिए विशेष प्रयास किए. नागरिकों और व्यावसायिकों से दुकानों के सामने स्वच्छ कूड़ेदान रखने का आग्रह किया गया. साथ ही, गंदगी करने पर मनपा की ओर से दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी भी दी गई. व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुनील गेहलोत सहित नागरिकों ने अभियान में भाग लिया.